अवैध रेत एवं गौण खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई जारी
सिवनी मालवा में मुरूम-पत्थर एवं रेत का अवैध परिवहन करते डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में रेत एवं अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिवनी मालवा क्षेत्र में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आकस्मिक जांच एवं शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी मालवा एवं खनिज अधिकारी द्वारा ग्राम नंदवाड़ा, तहसील सिवनी मालवा में आकस्मिक जांच के दौरान डंपर क्रमांक MH42T 0424 को मुरूम-पत्थर खनिज का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। टीम द्वारा डंपर को जप्त कर पुलिस थाना सिवनी मालवा की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी दौरान शिकायत प्राप्त होने पर टीम द्वारा ग्राम कजली स्थित नर्मदा नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर खनिज गतिविधियों का जायजा लिया गया। वहीं खनिज विभाग की टीम द्वारा मालाखेड़ी क्षेत्र से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत का अवैध परिवहन करते हुए जप्त किया गया। जप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस थाना देहात की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई में श्री विजय राय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी मालवा, श्री दिवेश मरकाम, खनिज अधिकारी, श्री कृष्ण कांत परस्ते, प्रभारी खनि निरीक्षक सहित खनिज एवं राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh