संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती पर कलश वंदन एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ
रविदास जी की जन्मस्थली काशी से आए कलश को रथ के माध्यम से किया गया रवाना
नर्मदापुरम में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम,
20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले में भ्रमण करेगा कलश रथ
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर गुरुवार को नर्मदापुरम के चक्कर रोड चौराहे स्थित संत श्री रविदास महाराज मंदिर परिसर में जिला स्तरीय कलश वंदन एवं समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी से प्राप्त पावन कलश का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पावन कलश एवं कलश रथ को जिला मुख्यालय से स्थानीय रविदास मंदिरों एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए रवाना किया गया। यह कलश रथ 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक जिले के निर्धारित मार्गों पर भ्रमण करेगा।
कलश रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज के जीवन दर्शन तथा उनके समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से समाज में समरसता, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को रविंद्र भवन में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत रविदास महाराज जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी जन्मस्थली काशी से आए पावन कलशों का पूजन किया तथा संभागीय प्रतिनिधियों को कलश वितरित किए थे।
इसी क्रम में गुरुवार को नर्मदापुरम जिला मुख्यालय पहुंचे पावन कलश का विधिवत पूजन एवं वंदन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला, आचार्य पंडित अविनाश मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, श्री अखिलेश खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण के उनके संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of Culture, Madhya Pradesh Department of Religious trusts & Endowments, MP General Administration Department, MP