समाहरणालय बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति : दिनांक 23 जुलाई 2026
श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य द्वारा संयुक्त रूप से आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के प्रारंभ में जिला शांति समिति के सदस्यों ने श्रावणी मेला के सफल आयोजन हेतु अपने-अपने सुझाव जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए, जिन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर एवं डुमराँव को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रमुख मार्गों की समुचित साफ-सफाई कराते हुए चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियाँ रखने का निर्देश दिया।
इस वर्ष श्रावण माह 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहा है। प्रथम सोमवारी 03 अगस्त, द्वितीय सोमवारी 10 अगस्त, तृतीय सोमवारी 17 अगस्त एवं चतुर्थ सोमवारी 24 अगस्त 2026 को होगी।
श्रावण माह में बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में कांवरियों के आगमन को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, डुमराँव को इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को कांवर यात्रा मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले एवं खुले विद्युत तारों की समय पर जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बक्सर तथा कार्यपालक पदाधिकारियों, नगर परिषद/नगर पंचायत बक्सर, ब्रह्मपुर एवं डुमराँव को कांवर यात्रा मार्गों पर पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही कांवर यात्रा मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, जलजमाव की निकासी एवं मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने का दायित्व संबंधित नगर निकायों को सौंपा गया।
सिविल सर्जन, बक्सर को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडल अस्पताल डुमराँव एवं सदर अस्पताल में एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
15 views | Buxar, Bihar | Jul 23, 2026