अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ और राजस्थान शिक्षक संघ (STFI) ने जिला मुख्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला दहन, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
#lalbahadurbhakharjournlist L.b. Bhakhar
हनुमानगढ़, 15 जुलाई, #लालबहादुर_भाखर :-राजस्थान शिक्षक संघ (STFI) के प्रांतीय आह्वान पर आज जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ पर शिक्षकों ने नीतिपूर्ण, पारदर्शी एवं स्थायी स्थानांतरण नीति सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी हितों की मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया। पटवार विश्रांति भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालते हुए शिक्षकों ने राज्य सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के विरुद्ध नारेबाजी की तथा शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।
संगठन के जिला मंत्री राम निवास ने कहा कि वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा है तथा मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी करते हुए अनेक शिक्षकों को प्रताड़ित किया गया है। शिक्षकों ने मांग की कि मनमाने एवं प्रतिशोध की भावना से किए गए स्थानांतरण तत्काल निरस्त किए जाएं तथा सभी संवर्गों के लिए पारदर्शी एवं स्थायी स्थानांतरण नीति लागू की जाए। साथ ही तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण भी शीघ्र प्रारंभ किए जाएं।
संगठन जिला अध्यक्ष जगनंदन सिंह ने बताया कि वर्तमान में द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा एवं ओबीसी सर्वे जैसे कार्य एक साथ संचालित होने से शिक्षकों पर अत्यधिक कार्यभार पड़ रहा है। कई शिक्षकों की दोनों कार्यों में एक साथ ड्यूटी लगाई गई है, जबकि परीक्षा अवधि में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार ड्यूटी ली जा रही है। इससे न केवल शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, बल्कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और राजकीय विद्यालयों के नामांकन पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।
सतीश चोपड़ा ने ज्ञापन में परीक्षा ड्यूटी एकल शिफ्ट में लगाने, ड्यूटी का रोटेशन लागू करने, गंभीर बीमार शिक्षकों को राहत देने, रिजर्व ड्यूटी वालों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, लंबित परीक्षा मानदेय का भुगतान, वर्ष 2012 के संशोधित परिणाम की अंतिम मेरिट सूची जारी करने, बीएलओ कार्य से शिक्षकों को मुक्त करने तथा शिक्षकों के मूल शिक्षण कार्य को प्राथमिकता देने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में महासंघ के जिला अध्यक्ष चंद्रभान ज्याणी के रामगढ़ (जैसलमेर) स्थानांतरण पर कड़ा विरोध व्यक्त किया गया। महासंघ ने इसे कर्मचारी नेतृत्व को प्रताड़ित करने वाली कार्रवाई बताते हुए उनका स्थानांतरण निरस्त कर हनुमानगढ़ में ही पदस्थापन की मांग की।
महासंघ जिला अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद 11 एवं 12 जुलाई को जारी ऑफलाइन स्थानांतरण आदेशों से पारदर्शिता पर प्रश्न उठे हैं। इसलिए इन आदेशों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा बिना विकल्प (Option) वाले कर्मचारियों के स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की गई।
राजस्थान शिक्षक संघ (STFI) एवं अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं प्रशासन की होगी।
राम निवास जिला मंत्री
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ
राजस्थान शिक्षक संघ हनुमानगढ़
9812571600