डीईओ का कालीबंगा स्कूल में औचक निरीक्षण: छात्रों से पूछे सवाल, परखी शिक्षा की गुणवत्ता
शैक्षणिक गतिविधियों को सराहा; शिक्षकों को दिए बेहतर परीक्षा परिणाम और नियमित मेहनत के निर्देश
#lalbahadurbhakharjournlist
पीलीबंगा/हनुमानगढ़ #लालबहादुर_भाखर
क्षेत्र के कालीबंगा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेन्द्र कुमार ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल स्कूल की व्यवस्थाएं देखीं, बल्कि खुद क्लासरूम में जाकर बच्चों की पाठशाला भी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे गणित, भूगोल और विज्ञान विषयों से जुड़े कई सवाल पूछे। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ जवाब दिए। डीईओ ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को शांत करते हुए कठिन और महत्वपूर्ण बिंदुओं को बेहद सरल तरीके से समझाया। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
डीईओ जितेन्द्र कुमार ने विद्यालय परिसर में शिक्षण व्यवस्था, पुस्तकालय, कक्षाओं की स्थिति, पेयजल और हरियाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार ने उन्हें स्कूल में चल रही शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी, जिस पर डीईओ ने स्कूल के अनुशासन और गतिविधियों की जमकर सराहना की।
इससे पहले, जिला शिक्षा अधिकारी निहालपुरा में पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई शिविर में भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने आमजन की समस्याओं को सुना।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मुस्तैद नजर आया। इस मौके पर फूसाराम स्वामी, रितु सेतिया, विनोद कुमारी, ओमप्रकाश सुथार,महेंद्र गोदारा,सेवानिवृत्त अध्यापक,भागीरथ शर्मा,शारीरिक शिक्षक,राजेंद्र झोरड़,अजय चौधरी,राजवीर सिंह शेखावत,राजूराम भाटिया,सुलोचना,मंजू,ममता स्वामी,और,सुमन चौधरी सहित सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
लालबहादुर भाखर पत्रकार
9875131305
7014718676☎️☎️📞📞✍🏻✍🏻✅✅