**मुख्य सचिव ने बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की**
बिहार सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी जिलों को संभावित आपदाओं से निपटने हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि आगामी 28, 29 एवं 30 जून को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है तथा उत्तर बिहार में मानसून का आगमन हो चुका है। इसे देखते हुए सभी जिलों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने का निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों के लिए पॉलीथीन शीटों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, राहत शिविरों एवं राहत स्थलों को पूर्व से ही चिन्हित कर आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संचालन हेतु सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) की व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखी जाए।
बैठक में पशुधन की सुरक्षा पर भी विशेष बल दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि संभावित आपदा की स्थिति में पशुओं के लिए चारा, पेयजल, आश्रय एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर लाभुकों के डेटा अद्यतन (अपडेशन) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि पोर्टल पर सभी पात्र लाभुकों का डेटा समयबद्ध तरीके से अद्यतन कर लिया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में राहत सहायता का वितरण शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
बैठक में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता आपदा श्री उपेंद्र पंडित, अपर आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सुश्री अंतरा कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
#floodcontrol #DistrictAdministration #DisasterPreparednessAwareness #GoodGovernance
7 views | Aurangabad, Bihar | Jun 22, 2026