दो महीने से बंद जलापूर्ति के खिलाफ भड़का आक्रोश, महादलितों ने फूंका जिलाधिकारी का पुतला..
उजियारपुर के भगवानपुर कमला पंचायत के वार्ड 12 का मामला, भाकपा माले ने निकाला प्रतिरोध मार्च; जलापूर्ति बहाल नहीं होने पर अर्थी जुलूस निकालने की चेतावनी।
उजियारपुर, 10 नवंबर 2026। भगवानपुर कमला पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित महादलित मुसहर टोली में दो महीने से अधिक समय से बंद पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया। भाकपा माले के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रतिरोध मार्च निकालकर वैदेही चौक पर जिलाधिकारी का पुतला दहन किया। इसके बाद सचिदानंद सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब महादलित परिवार दो महीने से पीने के पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन संबंधित जेई और एसडीओ जलापूर्ति बहाल करने में विफल साबित हो रहे हैं।
वहीं, मुखिया फिरोजा बेगम ने कहा कि लगातार शिकायत के बावजूद अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। दिवाली के बाद छठ पर्व के दौरान भी जल संकट गहराने की आशंका है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अविलंब वार्ड संख्या 12 में जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो जिलाधिकारी का अर्थी जुलूस निकाला जाएगा।
प्रतिरोध मार्च एवं आंदोलन में आइसा प्रखंड सचिव रोहित कुमार, रंजीत सदा, रामबलि सदा, दुखनी देवी, कलिया देवी, चिंता देवी, राजेश सदा, देवेंद्र सदा, रविंद्र सदा सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। जिलाधिकारी का पक्ष आना शेष है।
#Ujiarpur #Samastipur #BiharNews #BreakingNews #CPI #भाकपामाले #जलसंकट #पेयजलसमस्या #महादलितटोला #भगवानपुरकमला #PHED #WaterCrisis #StreamBihar