सेवा और समर्पण को मिला सम्मान: भारत स्काउट एवं गाइड के 230 बच्चों व पदाधिकारियों को डीएम-एसएसपी ने किया सम्मानित
मुजफ्फरपुर में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करने वाले भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य संरक्षक सह जिला पदाधिकारी कुमार गौरव तथा संरक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
यह सम्मान 15 अगस्त 2026 को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सक्रिय सहभागिता के साथ-साथ श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सहायता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सराहनीय सहयोग के लिए दिया गया।
समारोह में करीब 230 बच्चों के साथ भारत स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बच्चों के अनुशासन, सेवा भावना, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की जमकर सराहना की।
डीएम और एसएसपी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था में स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे युवाओं का सम्मान समाज सेवा के प्रति अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगा।
सम्मान पाकर बच्चों और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने भविष्य में भी सामाजिक एवं प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
#TirhutNow #Muzaffarpur #BharatScoutsAndGuides #MuzaffarpurNews #ShravaniMela
Musahri, Muzaffarpur | Sep 9, 2026