➡️ मल्चर यंत्र से नरवाई प्रबंधन का कृषकों के समक्ष किया फील्ड प्रदर्शन
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार कृषि अभियांत्रिकी विभाग बैतूल द्वारा बुधवार को विकासखंड मुलताई के ग्राम सर्रा में कृषक श्री चंद्रशेखर बारपेटे के खेत पर नरवाई प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मल्चर यंत्र का फील्ड प्रदर्शन कर कृषकों को इसके उपयोग एवं शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान की जानकारी दी गई।
सहायक कृषि यंत्री डॉक्टर प्रमोद कुमार मीणा ने बताया मल्चर यंत्र मक्का की कटाई के बाद खेत में बचे फसल अवशेषों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत की ऊपरी सतह पर फैला देता है। इससे फसल अवशेष कुछ समय बाद प्राकृतिक खाद में परिवर्तित हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता एवं पोषकता बढ़ती है। साथ ही खेत आगामी फसल की बोनी के लिए तैयार हो जाता है। कृषकों को मल्चर यंत्र के उपयोग से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि नरवाई जलाने के बजाय फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने से भूमि की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर विभाग के तकनीकी शाखा प्रभारी श्री इंद्रभान सिंह, तकनीकी सहायक श्री तुषार राठौर, लेखा सहायक श्री अनिल मराठा, श्री प्रवीण विश्वकर्मा सहित कृषक श्री श्यामसुंदर बारपेटे, श्री रमेश धुर्वे, श्री प्रतीक उबारे, श्री महेश गड़ेकर एवं अन्य कृषक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul