मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जैतहरी जनपद के ग्राम पंचायत परिसर फुनगा मे आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध निराकरण करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए।
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच हेतु आवश्यक टेस्ट किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा संबंधित अधिकारियों, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
#anuppur
@jansamparkmp