रोहतक में भाजपा की ‘संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, नितिन नबीन ने दिखाया दम
- बोले- मोदी सरकार का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता, 2029 में भी भाजपा बनाएगी सरकार; जयंत चौधरी और स्मृति ईरानी भी रहे मौजूद, हुड्डा के आवास के सामने से निकली पदयात्रा
रोहतक।
विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों के बीच भाजपा ने रविवार को रोहतक में ‘संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकालकर राजनीतिक ताकत दिखाई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और हरियाणा की प्रभारी स्मृति ईरानी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नितिन नबीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र को बचाने का काम करती है, जबकि विपक्ष सरकार हटाने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता और 2029 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। पदयात्रा के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि हरियाणा हमेशा लोकतंत्र को बचाने और मजबूत करने का काम करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस किसी राज्य में चुनाव जीतती है तो ईवीएम ठीक होती है, लेकिन हारने पर उसे वोट चोरी याद आने लगती है। भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है और जनता के फैसले को स्वीकार करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनावी हार के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है।
नितिन नबीन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि आज ही के दिन सिख विरोधी दंगे हुए थे। ऐसे में राहुल गांधी को इस पर माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन वे प्रदर्शन करने निकले हैं। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि हारे हुए लोग आज देश को चुनौती दे रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। पदयात्रा में शामिल राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि हरियाणा भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन इसने हमेशा बड़े काम किए हैं। अब लोकतंत्र को बचाने और अराजकता हटाने का काम भी हरियाणा करेगा। वहीं स्मृति ईरानी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में भाग लिया और जय श्रीराम के नारे लगाए।
भाजपा की यह पदयात्रा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास के सामने से भी गुजरी। इस दौरान हुड्डा के घर के साथ लगते गेट बंद रखे गए और मौके पर पुलिस तैनात रही। इस पर हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने उनके घर के सामने मार्च रखा है और वे उनका स्वागत करते हैं। पदयात्रा के दौरान एक एंबुलेंस के रास्ते से गुजरने पर नितिन नबीन ने अपना संबोधन रोक दिया और उसे पहले निकलने देने की बात कही। इसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। पदयात्रा के जरिए भाजपा ने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों के जवाब में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए हरियाणा में अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया।
Sirsa, Sirsa | Nov 1, 2026