समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक: 10 अक्टूबर 2026
*शिक्षित, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बालिकाएँ ही सशक्त समाज की आधारशिला*
*अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मधेपुरा में प्रतियोगिताओं एवं 100 वृक्षारोपण के माध्यम से बालिका सशक्तीकरण का संदेश*
मधेपुरा। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार तथा जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन के निदेशानुसार अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, अधिकारों एवं सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एस.एन.पी.एम. प्लस टू विद्यालय में वाद-विवाद, केशव कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में निबंध, मध्य विद्यालय भराही बाजार में पेंटिंग तथा इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न स्थानों पर 100 पौधे लगाए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मधेपुरा की सचिव श्रीमती पूजा कुमारी एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। रंगकर्मी श्री विकास कुमार के नेतृत्व में सृजन दर्पण की टीम ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती पूजा कुमारी ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता एवं समान अधिकार प्रदान करता है। बालिकाओं को भी शिक्षा, सुरक्षा, विकास एवं न्याय का समान अधिकार है। बाल विवाह, बाल श्रम, लैंगिक भेदभाव एवं शिक्षा से वंचित होना बालिकाओं के विकास में प्रमुख बाधाएँ हैं। इनके उन्मूलन के लिए कानूनों के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता आवश्यक है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी ने कहा कि शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बालिका ही परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने बाल विवाह रोकने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
*निबंध प्रतियोगिता* में वैष्णवी कुमारी ने प्रथम, श्रुति आर्य ने द्वितीय एवं रुचि कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में लक्ष्मी कुमारी प्रथम, अनुराधा कुमारी द्वितीय एवं पूजा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आमंत्रित जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अनंत कुमार,सहित जिला मिशन समन्वयक इमरान आलम, केंद्र प्रशासक कुमारी शालिनी सहित संबंधित पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में बालिकाएँ उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक अरुण कुमार ने किया।
*जनहित संदेश:* बालिकाओं को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, *बाल विवाह एवं लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने तथा प्रत्येक बालिका को अपने सपनों को साकार करने का अवसर देने का संकल्प लें।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Samrat Choudhary
Narendra Modi