चुनाव से पहले गरमाया मुद्दा: डीडवाना में चरमराई सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कें बनीं गले की फांस, रोज हादसों का शिकार हो रहे लोग
डीडवाना। आगामी नगर परिषद चुनावों की सुगबुगाहट के बीच शहर की बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह पटरी से उतर चुकी हैं। इस समय डीडवाना नगर परिषद क्षेत्र में सबसे बड़ा और ज्वलंत मुद्दा शहर की लचर सफाई व्यवस्था और बदहाल सड़कें बना हुआ है। शहर के लगभग हर मोहल्ले और मुख्य रास्तों पर कचरे के छोटे-बड़े ढेर लगे नजर आ रहे हैं, जिससे आमजन का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाय लापरवाही बरती जा रही है। कई स्थानों पर एकत्र कचरे को समय पर उठाने के बजाय वहीं आग के हवाले कर दिया जाता है। जलने के बाद बचा हुआ आधा-अधूरी राख और कचरा हवा के साथ वापस पूरी सड़क पर फैल जाता है। इससे न केवल सड़कों पर दोबारा गंदगी का आलम बन जाता है, बल्कि धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों और सांस के मरीजों का सांस लेना भारी हो रहा है।सफाई के साथ-साथ शहर की जर्जर सड़कें और क्षतिग्रस्त नालियां भी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई हैं। सड़कों पर बने गड्ढों और नालियों के ढक्कन गायब होने के कारण आए दिन दुपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। रोजाना लोग हादसों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन या जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।शहरवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी किसी ने इनकी सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। अब जबकि नगर परिषद चुनाव नजदीक आ रहे हैं, तो आम जनता इन मूलभूत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सीधे सवाल करने के मूड में दिख रही है।
Didwana, Nagaur | Aug 28, 2026