जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण
सदर, रिविलगंज, मांझी, गरखा एवं एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लिया मतदान व्यवस्था का जायजा
छपरा, 23 अक्टूबर 2026। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन के तहत आज मतदान दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण श्री रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से सदर, रिविलगंज, मांझी, गरखा एवं एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन की स्थिति की समीक्षा की। इस क्रम में संबंधित पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
Saharsa, Bihar | Oct 23, 2026