मुख्यमंत्री को अपराध और क्राइम में फर्क ही नहीं पता, तो बिहार में कानून व्यवस्था क्या होगी? - जन सुराज।
बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर जन सुराज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री ही अपराध और क्राइम को अलग-अलग समझता हो, उस राज्य की कानून व्यवस्था और भविष्य का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह बयान इस बात का प्रमाण है कि राज्य की कमान ऐसे लोगों के हाथ में है, जिन्हें बुनियादी शब्दों का भी ज्ञान नहीं है। जब मुखिया को ही अपराध की परिभाषा नहीं पता, तो प्रदेश में अपराध पर लगाम कैसे लगेगी।
कुमार सौरभ सिंह ने कहा, "इसीलिए प्रशांत किशोर और जन सुराज लगातार कह रहा है कि राज्य और देश के लिए पढ़े-लिखे नेता का होना कितना जरूरी है। जब तक शिक्षित और समझदार लोग राजनीति में नहीं आएंगे, तब तक बिहार की तस्वीर नहीं बदलेगी।"
उन्होंने कहा कि बिहार को अब जुमलेबाज नहीं, बल्कि विजन वाले पढ़े-लिखे नेतृत्व की जरूरत है, जो अपराध और विकास के अंतर को समझ सके।