➡️ सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा की कहानी
➡️ चिकित्सा सुविधाओं को मिला विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से सुरक्षित बन रहे सागर के नागरिक
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘कहानी सेवा की’ श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं सागर जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) में आधुनिक जांच सुविधाओं, गंभीर बीमारियों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
विगत ढाई वर्षों में आधुनिक जांच सुविधाओं से हजारों मरीज लाभान्वित हुए हैं। सीटी स्कैन से 4,319, एमआरआई से 929 और मैमोग्राफी से 249 मरीज लाभान्वित हुए हैं। फिजियोथेरेपी से ओपीडी के 16,166 और भर्ती 2,355 मरीजों को लाभ मिला है, जबकि सेरेब्रल पाल्सी क्लिनिक से 178 मरीजों को सेवाएं प्रदान की गई हैं। कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सुविधा के तहत 18 नेत्रदान और 28 सफल नेत्र प्रत्यारोपण किए गए हैं। स्पीच थेरेपी से 286 मरीजों को 685 सत्रों में उपचार दिया गया है।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए 171.93 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। रेडियोथेरेपी विभाग में 734 कैंसर मरीज पंजीकृत होकर उपचार एवं कीमोथेरेपी प्राप्त कर रहे हैं। महिलाओं की जांच के लिए संचालित पिंक क्लिनिक में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की 547 जांचों में 103 मामले चिन्हित किए गए तथा 77 मरीजों की सर्जरी की गई। एंडोक्राइन क्लिनिक में 243 थायराइड और 396 डायबिटीज मरीजों को चिन्हित कर उपचार दिया जा रहा है।
बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में न्यूरोसर्जरी विभाग विकसित किया जा रहा है। अस्पताल के तृतीय तल पर मॉड्युलर ऑपरेशन थिएटर सहित 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगतिरत है।
आधुनिक जांच, गंभीर बीमारियों के उपचार और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से सागर सहित बुंदेलखंड के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार के अधिक अवसर मिल रहे हैं।
#jansamparkMP #sagar
13 views | Sagar, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026