*मीरी-पीरी संस्थान के कर्मियों ने HSGMC मुख्यालय पर किया प्रदर्शन*
*3 महीने की सैलरी बकाया; बोले- इंस्टीट्यूट नहीं चला सकते तो लिख दें*
कुरूक्षेत्र, 8 जुलाई। कुरुक्षेत्र में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शाहाबाद स्थित मीरी पीरी संस्थान के कर्मचारी और डॉक्टर पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने से नाराज होकर राज्य स्तरीय कार्यालय श्री गुरु रामदास निवास के बाहर कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
तीन महीने से वेतन का इंतजार कर रहे मीरी पीरी संस्थान शाहाबाद के कर्मचारी और डॉक्टर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। सभी कर्मचारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के राज्य स्तरीय कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें केवल मौखिक नहीं, बल्कि लिखित आश्वासन चाहिए, क्योंकि पहले भी कई बार भरोसा दिया गया, लेकिन आज तक वेतन जारी नहीं हुआ।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि सिख ज्यूडिशरी आयोग भी एक सप्ताह के भीतर वेतन जारी करने के निर्देश दे चुका है, लेकिन उसके बावजूद तीन महीने बीत जाने पर भी उनके खाते में एक रुपये तक नहीं आए। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कमेटी की ओर से लगातार टालमटोल की जा रही है।
कर्मचारियों ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने वेतन देने में असमर्थता जताई थी। कर्मचारियों का कहना है कि जब जिम्मेदार लोग ही हाथ खड़े कर दें तो उनके सामने आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि उनके परिवार पूरी तरह इस वेतन पर निर्भर हैं। बच्चों की स्कूल फीस, घर का खर्च, बैंक लोन की किस्त और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना अब मुश्किल हो गया है। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कई कर्मचारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
फिलहाल कर्मचारी लिखित आश्वासन और तीन महीने का बकाया वेतन जारी होने तक अपना आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
Thanesar, Kurukshetra | Jul 8, 2026