*वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान- 2026*
*मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम का हुआ आयोजित*
*श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक ने जल संरक्षण के महत्व से करवाया अवगत*
*कलेक्ट्रेट परिसर में किया पौधारोपण*
डीडवाना-कुचामन, 3 जून।
राज्य सरकार के द्वारा 25 मई से 5 जून तक आयोजित किये जा रहे वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार में श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक के मुख्य आतिथ्य में एवं जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण के महत्व एवं मीडिया की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आयोजित चर्चा में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण,पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के कार्य को जन भागीदारी के साथ जन आंदोलन बनाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसके तहत तालाब,बावड़ी,नहर, नाड़ी जैसे पारम्परिक जल स्त्रोतों की साफ- सफाई, रख रखाव जैसे कार्य किये गए हैं, साथ ही अभियान के तहत जल संरक्षण के प्रति जन भागीदारी बढ़ाने के लिए आमजन के सहयोग से जिला स्तर से ग्राम पंचायत स्तर तक जल पूजन, श्रमदान, वृक्ष पूजन एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री टाक ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य को हरा भरा बनाने के लिए हरियालो राजस्थान अभियान की शुरुआत की है, जिसकी पूर्व तैयारी भी इस अभियान के तहत की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि जल की बूंद- बूंद को बचाना हमारा कर्तव्य हैं और आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को जन भागीदारी के साथ जन आंदोलन का स्वरूप देने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि आज हम जल बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की जा रही है।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने कहा कि हमारा जिला मारवाड क्षेत्र में आता है और यहाँ के हर व्यक्ति को जल संरक्षण का महत्व अच्छे से पता है, यहाँ पर वर्षा जल संरक्षण के लिए घर- घर में टांकों का निर्माण किया जाता रहा है। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के माध्यम से वर्षा जल का संरक्षण एवं जल स्त्रोतों के रख रखाव में आमजन की भागीदारी को बढाना है ताकि जल संरक्षण की दिशा में हम आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के तहत जिले में अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों, श्रमदान कार्यक्रमों, जल स्रोतों की सफाई, पौधरोपण, जनजागरूकता रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य नवाचारों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई। कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग का विश्वास दिलाया।
*कलेक्ट्रेट परिसर में किया पौधारोपण, पेडों के बांधे परिंडे*
इससे पूर्व श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक एवं जिला कलक्टर अवधेश मीना सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में श्रमदान कर पौधारोपण किया और पक्षियों के लिए परिण्डे बांधे।
इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा,जलग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिनेश गोठवाल सहित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
------------