मुजफ्फरपुर में चक्रवाती तूफान का तांडव! दो दर्जन घरों के एस्बेस्टस उड़े, बिजली के पोल धराशायी
मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड के महम्मदपुर सूबे पंचायत में शनिवार को आए चक्रवाती तूफान ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवा के कारण करीब दो दर्जन घरों के एस्बेस्टस उड़कर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक मकान पूरी तरह ढह गया। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे कई ग्रामीण रास्तों पर आवागमन बाधित हो गया।
वहीं, करीब आधा दर्जन बिजली के पोल भी टूटकर गिर गए, जिसके कारण इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। पेड़ और एस्बेस्टस गिरने की घटनाओं में कई लोग बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने खुद सड़क पर गिरे पेड़ों की टहनियों को काटकर रास्ता साफ किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को कांटी विधायक ई. अजीत कुमार और मड़वन सीओ पुष्कल कुमार ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर क्षति का जायजा लिया।
विधायक ने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त मकानों की तस्वीर लेकर नुकसान का पूरा आकलन किया जाए और रिपोर्ट आपदा विभाग को भेजी जाए।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #CycloneStorm #Marwan #BiharNews
Musahri, Muzaffarpur | Sep 27, 2026