अधिवक्ताओं के लिए 'अधिवक्ता कॉलोनी' व जिला बार संघ हेतु भूमि आवंटन की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
डीडवाना।बार संघ डीडवाना के तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर अवधेश मीणा से मुलाकात की और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। यह मुलाकात बार संघ के अध्यक्ष हाकम अली खां के नेतृत्व में की गई।सौंपे गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही दो प्रमुख मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया गया। पहली मांग के तहत अधिवक्ताओं के आवासीय हितों को ध्यान में रखते हुए एक व्यवस्थित अधिवक्ता कॉलोनी आवंटित करने का आग्रह किया गया है। वहीं, दूसरी मांग में नवनिर्धारित जिला न्यायालय के लिए आवंटित भूमि के बिल्कुल समीप ही जिला बार संघ के लिए भी भूमि आवंटित करने की मांग की गई है ताकि वकीलों को कार्य संचालन में सहूलियत हो सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में बार संघ के सचिव जयप्रकाश चौधरी, एडवोकेट प्रकाश डूकिया, शिवभगवान चौधरी, ओमप्रकाश पुनिया, अशोक भाकर, बाबूलाल मेघवाल, रणजीत बलारा, श्रीराम कुदना, सलिजा पीपावत, पूर्ण सिंह बोहरा, छोटूराम चौधरी, मनफुल खां, मनोहर जाखड़ सहित बड़ी संख्या में अन्य वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jul 16, 2026