डीडवाना-कुचामन: एसीबी की अनूठी पहल, सुदरासन में 'आम चौपाल' लगाकर ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के खिलाफ किया सजग
भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत आमजन को किया जागरूक
शिकायत के लिए टोल-फ्री 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94135-02834 जारी
डीडवाना।राजस्थान सरकार की पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन नीति तथा भ्रष्टाचार के प्रति "जीरो टॉलरेंस" की मंशा के अनुरूप आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक (DG) गोविन्द गुप्ता के निर्देशन तथा उप महानिदेशक (DIG), अजमेर रेंज, नारायण टोगस के पर्यवेक्षण में गुरुवार को डीडवाना-कुचामन के ग्राम सुदरासन में एक 'आम चौपाल' का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की शपथ दिलाई गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीबी, डीडवाना-कुचामन) सुरेश शर्मा ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए आमजन का जागरूक होना पहली शर्त है। उन्होंने ग्रामीणों को एसीबी की कार्यप्रणाली, नए तकनीकी नवाचारों, आय से अधिक संपत्ति, पद के दुरुपयोग, रिश्वत मांगने पर ट्रैप की कार्रवाई और सरप्राइज चेकिंग (आकस्मिक जांच) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। एएसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, इसलिए बिना किसी डर के भ्रष्टाचार के विरुद्ध आगे आएं।ग्रामीणों को भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए आसान माध्यमों की जानकारी दी गई। टोल-फ्री नंबर 1064, व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 तथा डीडवाना-कुचामन एसीबी चौकी के दूरभाष नंबर 01580-220033 के बारे में बताया गया। इसके साथ ही, जागरूकता को व्यापक स्तर पर फैलाने के उद्देश्य से सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर एसीबी के सूचनात्मक पोस्टर भी लगाए गए।इस अवसर पर एएसपी सुरेश शर्मा के साथ एसीबी स्टाफ के कांस्टेबल राजेन्द्र झूरिया, रमेश कुमार, बीरबल तथा सुदरासन ग्राम के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jul 16, 2026