नाथपा झाकड़ी परियोजना में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन
- ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
Bushahr Today TV
झाकड़ी/रामपुर। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह परियोजना प्रमुख राजीव कपूर की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई थी। सप्ताह के दौरान इस विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।
समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों की पेंटिंग, पोस्टर और भाषण प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श या विचार नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की नींव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के संस्कार विकसित करना जरूरी है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए बधाई दी और महिलाओं की ओर से बनाई गई आकर्षक रंगोलियों की भी प्रशंसा की।
समारोह के अंत में विभिन्न विद्यालयों के विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।