एमएम पीजी कॉलेज फतेहाबाद ने जीती त्रिवेणी युवा महोत्सव की ओवरऑल ट्रॉफी
- सीडीएलयू में चार दिवसीय 13वां युवा महोत्सव संपन्न
- शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज सिरसा दूसरे और विश्वविद्यालय के यूटीडी ने हासिल किया तीसरा स्थान, पद्मश्री महावीर गुड्डू की प्रस्तुति रही आकर्षण का केन्द्र
सिरसा |सिरसा टुडे|
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा में आयोजित चार दिवसीय 13वां त्रिवेणी युवा महोत्सव बुधवार को उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हो गया। ‘युवा उमंग, संस्कृति के संग’ थीम पर आयोजित महोत्सव में लगभग दो हजार विद्यार्थियों ने 34 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में एमएम पीजी कॉलेज, फतेहाबाद ने ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा दूसरे और सीडीएलयू के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। पद्मश्री महावीर गुड्डू की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रही।
समापन समारोह में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरु प्रो. आर.पी. सैनी मुख्य अतिथि रहे, जबकि सीडीएलयू के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर सिरसा के उपायुक्त शांतनु शर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया, भारतीय वायु सेना सिरसा के विंग कमांडर प्रशांत, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार बांसल, सीडीएलयू के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार और डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और संस्थानों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. आर.पी. सैनी ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। सीडीएलयू में चार दिनों तक हरियाणवी संस्कृति और भारतीय लोक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां और उनका व्यवहार दर्शाता है कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों को भी महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और पूरी आयोजन टीम की सराहना की।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए सीडीएलयू के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि त्रिवेणी युवा महोत्सव शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास को समान महत्व देने की विश्वविद्यालय की सोच का प्रतीक है। युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाया जा सकता है। ‘युवा उमंग, संस्कृति के संग’ की थीम नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देती है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, धैर्य, आपसी सहयोग, नैतिक मूल्यों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। भारतीय वायु सेना, सिरसा के विंग कमांडर प्रशांत ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों में जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को जीवन में अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने तथा अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान पद्मश्री महावीर गुड्डू की लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। अपनी विशिष्ट लोककला, दमदार अंदाज और हरियाणवी संस्कृति के रंगों से सजी प्रस्तुति के जरिए उन्होंने कार्यक्रम में समां बांध दिया। चार दिनों तक चली विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक, कलात्मक और मंचीय गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों, आयोजन समिति और विभिन्न प्रतियोगिताओं के समन्वयकों ने योगदान दिया। युवा कल्याण निदेशक प्रो. मंजू नेहरा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेंद्र सिंह, ऑब्जर्वर प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई, कल्चरल कोऑर्डिनेटर प्रो. रंजीत कौर, प्रो. अमित सांगवान, प्रो. रविंद्र, राजेश छिकारा, ब्रह्मजीत सिंह और आनंद शर्मा ने आयोजन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामूहिक समन्वय और प्रयासों से चार दिवसीय महोत्सव की गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।
एमएम पीजी कॉलेज फतेहाबाद का दबदबा, ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा
13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव की ओवरऑल ट्रॉफी एमएम पीजी कॉलेज, फतेहाबाद ने जीती। शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा दूसरे और सीडीएलयू के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) ने तीसरा स्थान हासिल किया। विधावार परिणामों में भी एमएम पीजी कॉलेज का प्रदर्शन शानदार रहा। कॉलेज ने थिएटर, संगीत और ललित कला की ट्रॉफियां अपने नाम कीं। नृत्य विधा में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा प्रथम रहा, जबकि संगीत में उसने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सीडीएलयू के यूटीडी ने थिएटर, नृत्य और ललित कला में दूसरा स्थान हासिल किया। विजेता संस्थानों और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मकता का सम्मान किया गया।
Sirsa, Sirsa | Oct 28, 2026