उत्तर मध्य रेलवे की विशेष पहल: छतरपुर जिले में सौर ऊर्जा को मिला बढ़ावा
हरपालपुर एवं महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सोलर प्लांट से हरित रेल संचालन की ओर मजबूत कदम
हरपालपुर और महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन बने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर
-----
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार सराहनीय एवं ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय रेलवे के वर्ष 2030 तक ‘नेट जीरो कार्बन उत्सर्जक’ (Net Zero Carbon Emitter) बनने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की छतों पर अत्याधुनिक रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित कर सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में छतरपुर जिले के हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर 60 kWp क्षमता का नया रूफटॉप सोलर पावर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित कर चालू कर दिया गया है। इस नए संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 78,840 यूनिट स्वच्छ विद्युत का उत्पादन होने का अनुमान है। इससे रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 5.95 लाख रुपये की बचत होगी। साथ ही, स्टेशन की दैनिक ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति पर्यावरण-अनुकूल माध्यम से करने में मदद मिलेगी। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक विद्युत स्रोतों पर निर्भरता कम करने के साथ रेलवे के संचालन खर्च में भी कमी लाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
इसी क्रम में छतरपुर जिले के एक अन्य प्रमुख स्टेशन, महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन पर भी सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। इस स्टेशन पर अब तक कुल 50 kWp क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जा चुका है। इस संयंत्र से चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर 2026 तक की अवधि के दौरान 0.30984 लाख यूनिट अर्थात 30,984 यूनिट हरित विद्युत का उत्पादन किया गया है।
सौर ऊर्जा के इस प्रभावी उपयोग से छह माह की अवधि में रेलवे को लगभग 90 हजार रुपये की प्रत्यक्ष राजस्व बचत हुई है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लगभग 26 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी सफलता मिली है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि रेलवे परिसरों में सौर ऊर्जा का उपयोग न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
छतरपुर जिले सहित झांसी मंडल के अन्य रेलवे परिसरों में सौर ऊर्जा संयंत्रों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
#chhatarpur