एक साल से लापता 15 वर्षीय बालक बिहार से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
#MauNews #MAU #maupolice
कोपागंज और चिरैयाकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने पटना के बिहटा से बालक को खोज निकाला, बेटे की वापसी पर परिजनों की आंखों में छलके खुशी के आंसू
मऊ। जिले की पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए करीब एक वर्ष से लापता 15 वर्षीय बालक को बिहार से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोपागंज और चिरैयाकोट थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार के पटना जनपद स्थित बिहटा थाना क्षेत्र के अमनाबाद गांव से बालक को बरामद किया। लंबे समय बाद बेटे के सकुशल घर लौटने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।
पुलिस के अनुसार, कोपागंज थाना क्षेत्र के जुम्मनपुरा गांव निवासी रामजी का 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु लापता हो गया था। इस संबंध में थाना कोपागंज में मु0अ0सं0 204/2025 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। बालक की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों एवं व्यक्तियों की तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में कोपागंज और चिरैयाकोट थाने की संयुक्त टीम ने सुराग जुटाते हुए बिहार तक तलाश अभियान चलाया।
संयुक्त पुलिस टीम ने 15 नवंबर 2026 को पटना जनपद के बिहटा थाना क्षेत्र के अमनाबाद गांव से लापता बालक प्रियांशु को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
करीब एक वर्ष से बेटे के लापता होने के कारण परिवार परेशान था। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने मऊ पुलिस और संयुक्त टीम की सराहना करते हुए आभार जताया।
बच्चों के लापता होने पर तत्काल दें सूचना
मऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चे की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।