बाल विवाह के विरुद्ध विधि विद्यार्थियों ने ली शपथ, कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
________________
विधि महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों से समाज में बाल विवाह रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
________________
खरगोन 27 नवंबर 2026। समाज से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह रोकने तथा इसके विरुद्ध समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कानून के भावी जानकार होने के नाते विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. चन्द्र भान त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रमुख कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विवाह के लिए बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा बालक की 21 वर्ष निर्धारित है। इस कानून का उल्लंघन करने पर कठोर कारावास एवं जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने विद्यार्थियों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री सत्यम निंगवाल ने बाल विवाह के शारीरिक दुष्प्रभावों की वैज्ञानिक जानकारी देते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह एवं गर्भधारण से बालिकाओं के शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस दौरान सुश्री तृप्ति सोनी, सुश्री शिवांगी निराले, डॉ. पी.एल. जमरा, श्री राजेश बालके, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे सहित महाविद्यालय के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone