भारत विकास परिषद् डीडवाना ने गौसेवा एवं पौधरोपण कर मनाया 64वाँ स्थापना दिवस
डीडवाना। भारत विकास परिषद् शाखा डीडवाना द्वारा परिषद् का 64वाँ स्थापना दिवस स्थानीय सालासर रोड़ स्थित गोपाल गौशाला में गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर परिषद् के सदस्यों एवं मातृशक्ति ने गौमाता को हरा चारा एवं केले खिलाकर सेवा की तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन ने कहा कि भारत विकास परिषद् की स्थापना का मूल उद्देश्य समाज के समर्थ एवं प्रभुत्व वर्ग को समाज के आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए प्रेरित करना तथा समाज में संस्कार, सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि परिषद् अपने स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक उत्थान के विविध सेवा प्रकल्पों के माध्यम से इन उद्देश्यों की पूर्ति में निरंतर कार्यरत है।
शाखा अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने कहा कि भारत विकास परिषद् शाखा डीडवाना स्थापना के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। शाखा द्वारा समय-समय पर सेवा, संस्कार, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ यह सेवा यात्रा निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि परिषद् की मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी सदस्यों ने गौमाता की सेवा कर भारतीय संस्कृति में गौसंरक्षण के महत्व को रेखांकित किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विकास रत्न महावीर सिंह चौहान, प्रांतीय संपर्क संयोजक शिवकुमार शर्मा, जिला समन्वयक राकेश जांगिड़, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद बगड़िया, संयुक्त सचिव कमल किशोर शर्मा, शाखा पर्यावरण संयोजक रामगोपाल बंजारा, दिनेश गहलोत, रामकिशोर सैनी, शंकरलाल सैनी, तुलछीराम कच्छावा, कौशल्या सेन, रश्मि शर्मा, शोभा शर्मा सहित परिषद् के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jul 10, 2026