दुर्गा पूजा पंडालों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार हेतु लगाए जा रहे जागरूकता शिविर
पूजा-अर्चना के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे श्रद्धालु, जिला प्रशासन की अनूठी पहल
छपरा, 18 अक्टूबर 2026
दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, सारण के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं।
इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को योजना के उद्देश्य, लाभ, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर सौर ऊर्जा का लाभ उठाने तथा बिजली खर्च में बचत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ जनहितकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की यह पहल आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों में भ्रमण के दौरान ही योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
जिला प्रशासन, सारण की इस पहल का उद्देश्य जनसामान्य को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा अधिकाधिक पात्र परिवारों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे पूजा पंडालों में लगाए गए जागरूकता शिविरों में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुरूप इसका लाभ उठाने के लिए आगे आएं।
2 views | Saharsa, Bihar | Oct 18, 2026