राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत केंद्र, ग्वालियर द्वारा लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर में आयोजित 6 दिवसीय क्लस्टर स्तरीय राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27 का मंगलवार को गरिमापूर्ण समापन हुआ। 20 से 25 अगस्त तक आयोजित हुए इस प्रशिक्षण में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया एवं श्योपुर जिलों के नवचयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक सेवा, जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में उपयोग करें। उन्होंने स्वयं सेवकों से अनुशासन, सेवा भावना और सकारात्मक सोच के साथ समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत केंद्र की जिला युवा अधिकारी श्रीमती अंजली कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवा स्वयं सेवकों को आवश्यक कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवक प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सीख को अपने-अपने गांवों एवं क्षेत्रों में प्रभावी रूप से लागू करते हुए युवाओं को MY Bharat से जोड़ने और समाजहित की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला युवा अधिकारी गुना श्री तनिष्क सक्सेना उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को युवा नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्वयं सेवकों को युवा नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, मोटिवेशन, सामाजिक सेवा, सरकारी योजनाओं, सामुदायिक सहभागिता, टीम भावना, खेल एवं राष्ट्र निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयं सेवकों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता तथा सामाजिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के कौशल विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण में सहभागिता करने वाले स्वयं सेवकों ने अपने अनुभव भी साझा किए और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सीख को अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक एवं युवा विकास की गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाहा द्वारा किया गया। समापन अवसर पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#gwalior
PRO Gwalior
CM Madhya Pradesh