सरदार पटेल जयंती पर अलवर पुलिस ने लगाई साइकिलिंग मैराथन, वॉलीबॉल में दिखाया दमखम
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लिया उत्साह से हिस्सा, खेलों के जरिए फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का दिया संदेश
अलवर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अलवर पुलिस की ओर से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत साइकिलिंग मैराथन और वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ आमजन को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक जिला अलवर सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार के सुपरविजन में खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए। वॉलीबॉल प्रतियोगिता रिजर्व पुलिस लाइन में हुई, जबकि साइकिलिंग मैराथन प्रताप ऑडिटोरियम से शुरू होकर भवानी तोब, कटी घाटी और ढाई पैड़ी होते हुए वापस प्रताप ऑडिटोरियम पहुंचकर संपन्न हुई।
मैराथन के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया। पुलिसकर्मियों ने आमजन से नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों से जुड़ने, नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की। पुलिस विभाग ने विशेष रूप से युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
साइबर ठगी से बचने का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP, PIN तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार, वृत्ताधिकारी उत्तर शहर राजेश कसाणा, वृत्ताधिकारी दक्षिण मनीष शर्मा, कोतवाली थानाधिकारी दिनेश कुमार, साइबर थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी, शिवाजी पार्क थानाधिकारी प्रेमलता, यातायात प्रभारी मोहन सिंह, अखैपुरा थानाधिकारी संजय शर्मा, पुलिस लाइन संचित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित रिजर्व पुलिस लाइन के हवलदार मेजर और पुलिस अधिकारी-जवान मौजूद रहे।
Alwar, Alwar | Sep 28, 2026