भूमि विवादों के निस्तारण में पुलिस-राजस्व की संयुक्त जांच के निर्देश
#MAU
मऊ। तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त टीम करेगी जांच
भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायत का निस्तारण सुनिश्चित करे।
फरियादियों को विभागों के चक्कर से मिलेगी राहत
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान के लिए फरियादियों को एक विभाग से दूसरे विभाग के चक्कर न लगाने पड़ें। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मामलों का त्वरित एवं न्यायोचित समाधान करें। समाधान दिवस के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।