💠नवीन शैक्षणिक सत्र से पूर्व दिव्यांग छात्रावासों का संयुक्त निरीक्षण
💠विद्यार्थियों के लिए आवास, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं का लिया गया जायजा
➡️ नियंत्रक (आईईडी) राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व जिले में संचालित दिव्यांग छात्रावासों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना रहा। जिला परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश जायसवाल एवं प्रभारी सहायक परियोजना समन्वयक (आईईडी) श्री प्रदीप सिंह चौहान ने सीडब्ल्यूएसएन बालिका छात्रावास (आईटीसी परिसर) का निरीक्षण वार्डन श्री रमेश कुमार उइके तथा सीडब्ल्यूएसएन बालक छात्रावास (एसपीएम परिसर) का निरीक्षण वार्डन श्री अखिलेश कुमार पाठक की उपस्थिति में किया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन की सुरक्षा, छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त आवास व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, कूलर एवं पंखे, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता सहित दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं का गहन परीक्षण किया गया। इसके साथ ही रैम्प, रेलिंग, सुलभ शौचालय, बिस्तर एवं गद्दों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे तथा आवश्यक अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा छात्रावासों के बेहतर संचालन एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित दोनों छात्रावास 50-50 सीटर क्षमता के हैं, जहां कक्षा पहली से आठवीं तक के दिव्यांग छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh
Hoshangabad, Madhya Pradesh | Jun 26, 2026