त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की सघन जांच, 126 नमूने लिए
1,426 किलो घी, 42 किलो पनीर और 650 किलो खोया जब्त
तीन ब्रांड के घी मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाए गए
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार त्योहारों के दृष्टिगत दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विगत एक माह में जिले की स्थानीय दुकानों, एजेंसियों, बसों एवं अन्य परिवहन साधनों का सघन एवं औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी.एस. धाकड़, श्री जितेंद्र सिंह राणा एवं श्री कमलेश एस. दियावार द्वारा की गई कार्रवाई में संदेह के आधार पर जिलेभर से घी, मिठाई, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, बेसन, सोयाबीन तेल एवं नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 126 नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम प्रकरण प्रस्तावित किए जा रहे हैं।
1,426 किलो घी और 650 किलो खोया जब्त
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरीक्षण के दौरान जनहित में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान 1,426 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 30 हजार रुपये, तथा 42 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये, जब्त किया गया।
इसी क्रम में कटियार बस से 650 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, भी जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश एस. दियावार ने बताया कि विभाग को प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार नंद कृष्णा घी, संगाथ घी एवं ब्रजवासी घी के नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जांच में इन घी उत्पादों को असुरक्षित एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक घोषित किया गया है।
संबंधित विक्रेताओं एवं निर्माताओं को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। उक्त घी के संबंध में नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से दूध, दुग्ध उत्पाद एवं घी की नियमित जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh