मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि की हत्या, आक्रोशित लोगों ने पुलिस को दौड़ाया, 28 अगस्त को भी हुई थी फायरिंग।
बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे केथरिया-रामपट्टी चौक के समीप केथरिया श्मशान के पास की है। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए 2-3 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की। बैद्यनाथ को करीब 8 गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
*पहले भी हुआ था हमला*
यह पहली बार नहीं है जब बैद्यनाथ पर हमला हुआ हो। इससे पहले 28 अगस्त को भी उन पर फायरिंग की गई थी। उस मामले में डुमरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपी फरार चल रहे थे।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से बैद्यनाथ को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समर्थकों ने कुछ दिन पहले डुमरा थाने का घेराव भी किया था।
*इलाके में तनाव*
हत्या की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। जिला परिषद सदस्यों और समर्थकों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है। वहीं घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को लोगों ने खदेड़ दिया जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।