Public App Logo
Profile Picture

24 NewsLive

@adityakumarsingh797
434Followers
1Following
दाउदनगर में जिउतिया लोक उत्सव का भव्य शुभारंभ, पहली बार बिहार के सांस्कृतिक कैलेंडर में हुआ शामिल।

दाउदनगर (औरंगाबाद), 02 अक्टूबर 2026।  24 NewsLive 

औरंगाबाद। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दाउदनगर की ऐतिहासिक जिउतिया लोक परंपरा को समर्पित जिउतिया लोक उत्सव का आज भव्य शुभारंभ किया गया।

बिहार सरकार द्वारा पहली बार जिउतिया लोक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2026 में दाउदनगर के इस ऐतिहासिक उत्सव को बिहार के सांस्कृतिक कैलेंडर में स्थान मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में जिउतिया की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित स्मारिका का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में कुटुंबा विधायक ललन राम, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, एसडीएम अमित राजन, जिला जनसंपर्क अधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार और मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि दाउदनगर में जिउतिया केवल पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान है। यह परंपरा डेढ़ से दो शताब्दियों पुरानी है और जीमूतवाहन चौक इसका जीवंत केंद्र है। विधायक ललन राम ने जिउतिया की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस लोक परंपरा को अब राष्ट्रीय मंच मिलेगा।
औरंगाबाद में रिश्तों का कत्ल! चाची ने 2 साल के भतीजे को नहर में फेंका, हुआ मौत, पुलिस ने चाची को किया गिरफ्तार।

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव में दो वर्षीय मासूम की नहर में मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मासूम की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी चाची ने ही की थी।

पुलिस के अनुसार, गंगा बिगहा निवासी विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने गुरुवार को अपने दो साल के बेटे भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के गायब होने की रिपोर्ट दाउदनगर थाने में दर्ज कराई थी। कांड संख्या 675/26 दर्ज कर BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। बुधवार सुबह बच्चे का शव घर के बगल की नहर से बरामद हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO चंद्रभूषण कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वायड और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध चाची नीतू कुमारी (25), पति जयप्रकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका पति जयप्रकाश यादव को जेठ विकास यादव और जेठानी संगीता देवी उसके खिलाफ भड़काते थे, जिसके कारण पति उसकी पिटाई करता था। इसी प्रतिशोध में उसने मासूम को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
औरंगाबाद में CRPF ने सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान, लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश।

औरंगाबाद शहर के दानी बीघा स्थित सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क में सीआरपीएफ द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जवानों ने पार्क परिसर में फैली गंदगी, कचरा और सूखे पत्तों की सफाई की। साथ ही लोगों को अपने आसपास सफाई रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि आम लोगों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़े। पार्क में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान की सराहना की और इसमें सहयोग किया।

मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम अपने आसपास के पार्क, सड़क और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखेंगे तो बीमारियों से भी बचा जा सकेगा और शहर सुंदर बनेगा।
सात समंदर पार से गयाजी पहुंचे पितरों के मोक्षार्थी, विदेशी श्रद्धालुओं ने फल्गु तट पर किया पिंडदान।

गयाजी में पितृपक्ष की आस्था ने सरहदों की सीमाएं मिटा दी हैं। पितरों के मोक्ष और पूर्वजों की आत्मा की शांति की कामना लेकर जर्मनी, इटली, स्पेन, रूस, नाइजीरिया समेत कई देशों के करीब 48 विदेशी श्रद्धालु गयाजी पहुंचे हैं। विष्णुपद मंदिर के देवघाट पर विदेशी महिला तीर्थयात्रियों ने भारतीय परिधान में विधि-विधान से पिंडदान और तर्पण किया। अपने पूर्वजों को याद करते हुए कई श्रद्धालु भावुक भी हो गए। विदेशी श्रद्धालुओं ने विष्णुपद मंदिर में भगवान विष्णु के चरण चिह्न के दर्शन कर गयाजीधाम की धार्मिक परंपराओं को करीब से जाना।

भारतीय परिधान में विदेशी युवतियों ने किया पिंडदान

गयाजी के देवघाट पर उस वक्त श्रद्धा का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब विदेशी युवतियां भारतीय परिधान साड़ी पहनकर पिंडदान करने पहुंचीं। साड़ी में सजी विदेशी महिला श्रद्धालुओं ने फल्गु नदी के तट पर श्राद्ध कर्म पूरा किया और तर्पण कर अपने पितरों को श्रद्धांजलि दी। यह दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।

विष्णुपद में किए भगवान विष्णु के दर्शन

गयाजी पहुंचने के बाद विदेशी तीर्थयात्रियों ने गयाजी के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। सभी विष्णुपद मंदिर पहुंचे और भगवान विष्णु के चरण चिह्न के दर्शन किए। मंदिर की धार्मिक मान्यताओं और गयाधाम में पिंडदान की परंपरा को जानने में भी विदेशी श्रद्धालुओं ने विशेष रुचि दिखाई।

48 विदेशी श्रद्धालुओं ने किया पिंडदान

विदेशों में इस्कॉन से जुड़े प्रचारक स्वामी लोकनाथ गौड़ के अनुसार जर्मनी, स्पेन, इटली और रूस समेत विभिन्न देशों से करीब 48 विदेशी तीर्थयात्री पहले चरण में गयाजी पहुंचे हैं। उन्होंने फल्गु तट पर पिंडदान, श्राद्ध कर्म और तर्पण कर अपने पूर्वजों के मोक्ष की कामना की।

5 अक्टूबर को फिर पहुंचेगा विदेशी श्रद्धालुओं का जत्था

स्वामी लोकनाथ गौड़ ने बताया कि विदेशी श्रद्धालुओं के गयाजी आने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। दूसरे चरण में अफ्रीका से विदेशी तीर्थयात्रियों के 5 अक्टूबर को गयाजी पहुंचने की जानकारी दी गई है।

गयाजी की ओर बढ़ रहा विदेशी श्रद्धालुओं का रुझान

गयाजी में विदेशी श्रद्धालुओं के पिंडदान का सिलसिला पहले भी देखने को मिला है। वर्ष 2023 में भी कई देशों से विदेशी तीर्थयात्री पितृपक्ष मेले में पहुंचे थे और फल्गु तट, अक्षयवट और विष्णुपद में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी की थी।पितृपक्ष में गयाजी को पितरों के मोक्ष और तर्पण का प्रमुख तीर्थ माना जाता है। ऐसे में सात समंदर पार से आए श्रद्धालुओं का फल्गु तट पर पिंडदान करना गयाधाम की धार्मिक परंपरा की अंतरराष्ट्रीय पहुंच का अनोखा दृश्य पेश कर रहा है।
सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने कैप्टन स्मित मच्छर को दिया खास सम्मान, रेत पर बनाई अद्भुत कलाकृति।

मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने भारतीय सेना के कैप्टन स्मित मच्छार को खास अंदाज में सम्मानित किया। पुरी के समुद्र तट पर पटनायक ने अपनी कला के जरिए कैप्टन स्मित के साहस और देशसेवा को सलाम किया।

रेत पर बनाई गई इस कलाकृति में सुदर्शन पटनायक ने कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर के साथ 'SALUTE TO Captain Smit Machchhar' और 'GET WELL SOON' का संदेश लिखा है। उनकी इस कलाकृति की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

बता दें कि सुदर्शन पटनायक देश-विदेश के अहम मौकों पर अपनी सैंड आर्ट से संदेश देते रहते हैं और अपनी कला के जरिए खास व्यक्तियों को सम्मानित करते रहे हैं।
नहर में मिला साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव, गांव में मातम।

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मनार पंचायत अंतर्गत गंगा बिगहा गांव में साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भोला कुमार के रूप में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बच्चा गुरुवार की शाम करीब चार बजे से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। शुक्रवार की सुबह गांव के समीप स्थित नहर में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल है।

परिजनों की ओर से बच्चे की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की पुष्टि और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
IAS अधिकारी केके पाठक की बिहार वापसी की चर्चा तेज, शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिलने की अटकलें।

1990 बैच के IAS अधिकारी केके पाठक इन दिनों केंद्र में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। हाल में खबर आई थी कि सितंबर में केंद्रीय कैबिनेट सचिवालय में विशेष सचिव के तौर पर उन्होंने बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के साथ प्रशासनिक सुधारों को लेकर समीक्षा बैठक की थी।

इसके बाद अब उनके बिहार लौटने की चर्चा तेज हो गई है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

हालांकि अफसरशाही के गलियारे में चर्चा है कि 1990 बैच के केके पाठक क्या 1991 बैच के प्रत्यय अमृत के अंडर ACS के तौर पर काम करना पसंद करेंगे। इसी सवाल से ब्यूरोक्रेसी में नई हलचल है।

फिलहाल उनकी वापसी या किसी विभाग में तैनाती को लेकर कोई सरकारी/आधिकारिक आदेश नहीं आया है, इसलिए इसे अभी प्रशासनिक चर्चा और संभावित पोस्टिंग के तौर पर ही देखा जा रहा है।
कौन हैं औरंगाबाद DM IAS अभिलाषा शर्मा? जिन्होंने लोकल जरूरत के हिसाब से पंचायत योजना बनाने का दिया निर्देश।

औरंगाबाद(बिहार) 02 अक्टूबर 2026 । 24 NewsLive 

बिहार के औरंगाबाद जिले की जिलाधिकारी IAS अभिलाषा शर्मा ने गांवों के विकास को लेकर एक नई पहल शुरू की है। ग्राम पंचायतों के समग्र और योजनाबद्ध विकास के लिए आयोजित ग्राम पंचायत प्लान एवं सिक्योर 2.0 पोर्टल प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की नई रूपरेखा रखी।

डीएम अभिलाषा शर्मा ने कहा कि गांव और पंचायतों की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर ही विकास योजनाओं की प्लानिंग होनी चाहिए। उपलब्ध संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं के आधार पर प्रभावी ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार की जाए।

*डीएम का अलग फंडा -*
डीएम का मानना है कि विकास योजनाओं और फंड का इस्तेमाल वहीं होना चाहिए, जहां उसकी सबसे ज्यादा जरूरत हो। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को योजना निर्माण के विभिन्न चरणों, विकास प्राथमिकताओं के निर्धारण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और विभागीय योजनाओं के अभिसरण (Convergence) पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि योजना बनाते समय जमीनी हकीकत और स्थानीय आवश्यकता को प्राथमिकता देना जरूरी है।

*सिक्योर 2.0 पोर्टल का प्रशिक्षण -*
जिला प्रशासन की ओर से सिक्योर 2.0 पोर्टल के संचालन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को गहन प्रशिक्षण दिया गया। कार्यपालक अभियंता ने पोर्टल पर कार्यों के निष्पादन, प्रविष्टियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता आएगी।

*कौन हैं औरंगाबाद DM IAS अभिलाषा शर्मा?*
अभिलाषा शर्मा 2017 बैच की बिहार कैडर की IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 8 जुलाई 1990 को हरियाणा के गुरुग्राम में हुआ था। उन्होंने MDU रोहतक से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में http://B.Tech और JNU दिल्ली से लोक प्रबंधन में MA किया है। उन्होंने 2017 में UPSC में 68वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने 2013 में तैयारी शुरू की थी और तीन बार प्रीलिम्स में असफल होने के बाद भी हार नहीं मानी, चौथे प्रयास में सफलता पाई।

वर्तमान में वे 10 दिसंबर 2025 से औरंगाबाद DM के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे जमुई, अरवल की DM और MGNREGA आयुक्त सह अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, संयुक्त सचिव और अन्य पदों पर रह चुकी हैं। उन्हें नवाचार और योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए जाना जाता है।
गांधी जयंती पर औरंगाबाद डाक प्रमंडल ने लगाया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, GDS समेत कई कर्मियों ने किया रक्तदान।

औरंगाबाद, 02 अक्टूबर 2026। 24 NewsLive 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर औरंगाबाद डाक प्रमंडल द्वारा आज प्रधान डाकघर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसायटी, औरंगाबाद शाखा के सहयोग से किया गया।

शिविर में डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानवीय संवेदना को बढ़ावा देना था।

रक्तदान शिविर डाक अधीक्षक प्रिय रंजन, रेड क्रॉस सोसायटी चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, डाक निरीक्षक रमन राज एवं प्रधान डाकघर के डाकपाल सरोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर डाक अधीक्षक प्रिय रंजन ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं GDS की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री सतीश कुमार सिंह ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
औरंगाबाद में तेजस्वी यादव के आगमन की तैयारी को लेकर छात्र एवं युवा राजद की बैठक, हजारों कार्यकर्ताओं का जुटान।

औरंगाबाद में आगामी 4 अक्टूबर 2026 को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के औरंगाबाद आगमन को लेकर गुरुवार को सिन्हा कॉलेज मोड़ स्थित देवकृति रिसॉर्ट में छात्र राजद एवं युवा राजद के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यकर्ता मिलन समारोह सह तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं एवं युवा साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचारों को अनोखे अंदाज में रखते हुए आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर सुझाव एवं रणनीतियां साझा कीं। सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जीतू यादव, बूचन यादव, युवा राजद जिला उपाध्यक्ष विकास राय यादव, प्रवक्ता शत्रुघ्न यादव, कुटुंबा प्रखंड अध्यक्ष नीतीश कुमार, हसपुरा प्रखंड अध्यक्ष राजू यादव, प्रशांत कुमार, कुंदन कुमार, स्वास्तिक यादव, दीपक यादव, गुड्डू कुमार, पूटू मुखिया, मनजीत मुखिया, इब्राहिमपुर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार, नागेंद्र मुखिया, बम कुमार, मुन्ना यादव, पवन कुमार, लालू कुमार, छात्र नेता रंजन कुमार, छात्र नेता सुरंजन कुमार, प्रिंस यदुकुल सहित सैकड़ों युवा साथी उपस्थित रहे।
ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल का एलान कर दिया है. क्रिकेट के इस महाकुंभ की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से होगी, वहीं फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा।

 टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना पहला मैच 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी. 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा. दोनों देशों को एक ही ग्रुप में रखा गया है।

<nis:link nis:type=tag nis:id=icc nis:value=ICC nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=worldcup nis:value=WorldCup nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=cricket nis:value=Cricket nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=worldcup2027 nis:value=WorldCup2027 nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=indvspak nis:value=INDvsPAK nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=teamindia nis:value=TeamIndia nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=24newslive nis:value=24NewsLive nis:enabled=true nis:link/>
मॉडल स्कूलों में SOP से चयनित शिक्षकों को यथावत बनाए रखने की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र।

बिहार में प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल स्थापित कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की सरकार की योजना के तहत शिक्षकों का चयन निर्धारित SOP एवं साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से किया गया था। इसका उद्देश्य योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों की सेवाएं मॉडल स्कूलों में लेना था।

लेकिन अब उन्हीं मॉडल स्कूलों में जिन पदों पर SOP एवं साक्षात्कार के माध्यम से शिक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं, उन्हीं पदों पर सरप्लस शिक्षकों को पदस्थापित किए जाने से चयन की मूल भावना प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री, बिहार सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि SOP एवं साक्षात्कार के माध्यम से मॉडल स्कूलों के लिए चयनित/प्रतिनियुक्त शिक्षकों को उन्हीं मॉडल स्कूलों में बनाए रखते हुए उनके पदस्थापन की व्यवस्था की जाए तथा उन्हीं पदों पर अन्य शिक्षकों को लाकर पदस्थापित न किया जाए।

पत्र में कहा गया है कि ऐसा करने से मॉडल स्कूलों की मूल अवधारणा, शिक्षकों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का उद्देश्य कायम रहेगा। मुख्यमंत्री से इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की गई है।
औरंगाबाद में अपराधियों ने प्रभारी हेडमास्टर और शिक्षक पर किया जानलेवा हमला, दोनों गंभीर घायल*

औरंगाबाद जिले के कुटुंबा में गुरुवार को अपराधियों ने राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल कुटुंबा के प्रभारी हेडमास्टर डॉ. रामकिशोर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके साथ मौजूद सहायक शिक्षक मो. वारिस खलील भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना कुटुंबा पश्चिम टोला में संजय गुप्ता के होटल के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामकिशोर अपने सहयोगी शिक्षक मो. वारिस खलील के साथ बाइक से सरकारी कागजात लेकर बीआरसी अंबा जा रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बाजार मोड़ के पास बाइक सवार 5-6 अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडे से हमला शुरू कर दिया।

हेडमास्टर ने हेलमेट पहन रखा था जिससे सिर पर गंभीर चोट से बचाव हो गया, हालांकि शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं सहायक शिक्षक के माथे में गहरी चोट लगी है। हमले के दौरान बदमाश सरकारी कागजात से भरा झोला लेकर लोहरचक की ओर फरार हो गए।

घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नवल किशोर सिंह ने प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक कुटुंबा थाना पहुंच गए और पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि थाने से महज आधा किलोमीटर दूर सघन बाजार में दिनदहाड़े यह घटना अपराधियों के दुस्साहस को दिखाती है।

प्रभारी हेडमास्टर ने कुटुंबा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत औरंगाबाद नगर परिषद का एक घंटे का श्रमदान, पंचदेव मंदिर से रमेश चौक तक चली सफाई।

औरंगाबाद। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत नगर परिषद द्वारा आज एक घंटे का श्रमदान अभियान आयोजित किया गया।

जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान की थीम रही - "एक दिन-एक घंटा-स्वच्छता के नाम"। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और आमजन को स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

श्रमदान अभियान की शुरुआत पंचदेव मंदिर से की गई और स्वच्छता गतिविधियां रमेश चौक तक संचालित की गईं।

इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, उपाध्यक्ष मो एहसान, रेड क्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, समस्त पार्षदगण, कार्यपालक पदाधिकारी, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, कार्यालय कर्मियों, स्वच्छता साथियों एवं CRP की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ औरंगाबाद के निर्माण का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए।
गांधी जयंती पूर्व अनुग्रह मध्य विद्यालय में कई शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, प्राचार्य ने विजेताओं को किया पुरस्कृत।

औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित अनुग्रह मध्य विद्यालय में प्राचार्य उदय कुमार सिंह की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस (गांधी जयंती) के पूर्व विभागीय पत्र के आलोक में कई शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

गांधी जयंती के पूर्व अलग-अलग तिथियों में क्रमशः निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताओं के विषय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के व्यापक जीवन दर्शन पर आधारित थे।

*विजेताओं की सूची -*
- *निबंध लेखन में -* सौरभ प्रथम, दुर्गा द्वितीय एवं आर्यनंदिनी तृतीय
- *चित्रकला में -* लक्ष्मी प्रथम, कृतिका राज द्वितीय एवं आर्य नंदिनी तृतीय
- *भाषण प्रतियोगिता में -* विष्णुकांत प्रथम, आदित्य स्वरूप द्वितीय एवं निशा व शिवानी तृतीय

सभी विजेताओं को प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता गांधी के पूरे जीवन दर्शन को अपने जीवन का आदर्श बनाकर अपने जीवन को समाज के सापेक्ष बनाएं।

कार्यक्रम का संयोजन शिक्षिका रीता कुमारी एवं ज्योति कुमारी ने किया, जबकि कार्यक्रम को वर्गवार सभी वर्ग शिक्षकों क्रमशः शारदा सिंह, योगेंद्र पाल, मीना कुमारी, नैयर शाहीन, तबस्सुम आरा एवं प्रेम कुमार ने संपादित किया।
फ्लिपकार्ट से बैटरी नहीं मिलने पर उपभोक्ता अदालत पहुंचा मामला, समझौते में कंपनी ने दिए 25 हजार।

औरंगाबाद (बिहार) 01 अक्टूबर 2026

ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट से बैटरी ऑर्डर कर डिलीवरी न मिलने के मामले में जिला उपभोक्ता अदालत में दायर वाद में समझौता हो गया है।

वाद संख्या CC/12/22 में परिवादी कुमार बिजेन्द्र (ग्राम-कोयलाडीह, थाना-नबीनगर) ने आरोप लगाया था कि 18/10/2021 को उन्होंने फ्लिपकार्ट से LUMINOUS Red Charge RC25000 200Ah बैटरी (ऑर्डर ID - OD223137378212106000, कीमत 11,691 रुपये) ऑर्डर की थी, जिसकी डिलीवरी 03/11/2021 को होनी थी, लेकिन नहीं हुई।

परिवादी ने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन और फ्लिपकार्ट को लीगल नोटिस भी भेजा था। अंततः मामला जिला उपभोक्ता अदालत औरंगाबाद में दाखिल हुआ।

फोरम के समक्ष दोनों पक्षों में सुलह हो गई। प्राप्त दस्तावेजों (HSBC Payment Advice 13 Jul 2026) के अनुसार विपक्षी फ्लिपकार्ट द्वारा परिवादी के खाते में SBI में 13/07/2026 को RTGS के माध्यम से 25,000 रुपये का भुगतान कर दिया गया है।

हस्तलिखित समझौता पत्र में दोनों पक्षों ने माना है कि कुल 25,000 रुपये का भुगतान हो गया है और मामला समाप्त किया जाए।
औरंगाबाद में NH-19 पर भीषण हादसा: टायर पंचर देख रहे ट्रक चालक को कंटेनर ने रौंदा, मौके पर मौत; सहचालक घायल।

औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक का टायर चेक कर रहे चालक को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

*घटनास्थल पर ही मौत*
मृतक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के नागराड़ा निवासी 50 वर्षीय अमर खान (पिता लाले खान) के रूप में हुई है। घायल सहचालक राजेश खान भी बाड़मेर का ही रहने वाला है।

*रांची से गुजरात जा रहा था ट्रक*
जानकारी के अनुसार अमर खान ट्रक पर पाउडर लादकर झारखंड के रांची से गुजरात जा रहा था। भेड़िया गांव के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर सहचालक के साथ टायर देखने लगा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों को टक्कर मार दी।

सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमर खान को मृत घोषित कर दिया। घायल का इलाज जारी है।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि कंटेनर और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन राजस्थान से औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर: इंसाफ की गुहार में DIG से मिली पीड़ित मां, बोली - सभी 11 आरोपियों पर हो कार्रवाई।

चर्चित भरत तिवारी हत्याकांड (पुलिस मुठभेड़ प्रकरण) में पीड़ित परिवार ने एक बार फिर वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बुधवार को शाहाबाद रेंज के DIG सत्य प्रकाश से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।

आशा देवी के साथ उनके पुत्र चंदन तिवारी और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने DIG को आवेदन सौंपकर मामले की समीक्षा और लंबित कार्रवाई को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया।

*केवल 1 गिरफ्तारी पर सवाल*
परिजनों का कहना है कि इस मामले में कुल 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, लेकिन अब तक केवल STF जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी हुई है, जो जुलाई 2026 में हुई थी। परिवार ने तत्कालीन DSP राजेश कुमार शर्मा, तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार सहित अन्य नामजदों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

*17 जून को मुठभेड़ में हुई थी मौत*
भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए हत्या का आरोप लगाया था। आशा देवी के बयान पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।

परिजनों का दावा है कि भरत ने आत्मसमर्पण के लिए हथियार फेंक दिया था, फिर भी गोली मारी गई। हालांकि इस दावे की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया से होनी है।

*न्यायिक जांच भी जारी*
सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में आयोग गठित किया है। आयोग के समक्ष मृतक के माता-पिता की गवाही हो चुकी है और पुलिस पक्ष के करीब 15 पुलिसकर्मियों को समन जारी कर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

*DIG ने दिया आश्वासन*
परिजनों ने कहा कि उनकी मांग किसी निर्दोष को फंसाने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच की है। DIG सत्य प्रकाश ने आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
औरंगाबाद में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।

औरंगाबाद जिला प्रशासन के तत्वावधान में *28 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026* तक आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के *तीसरे दिन* विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिताएं *गेट स्कूल खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, खेल भवन एवं गांधी मैदान* में आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग एवं खो-खो सहित विभिन्न खेलों में जिले के विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 *विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम*

*अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबॉल* में *डीएवी पब्लिक स्कूल, दयानंद विहार* विजेता तथा *टाउन इंटर स्कूल, औरंगाबाद* उपविजेता रहा।

*अंडर-14 बालक वर्ग फुटबॉल* में *मध्य विद्यालय, सिपहा, दाउदनगर* विजेता तथा *महेश एकेडमी, औरंगाबाद* उपविजेता रहा।

*अंडर-14 बालिका वर्ग कबड्डी* में *ग्रैंड वैली पब्लिक स्कूल, हसपुरा* विजेता तथा *उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नारायणपुर, देव* उपविजेता रहा।

*अंडर-17 बालिका वर्ग बॉक्सिंग* में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। *43 किलोग्राम भार वर्ग में गुनगुन रंजन*, *44 किलोग्राम भार वर्ग में अदिति राज* तथा *53 किलोग्राम भार वर्ग में नंदिनी पांडे* ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

*अंडर-14 बालक वर्ग खो-खो* में *डीएवी पब्लिक स्कूल, दयानंद विहार* विजेता तथा *सरस्वती शिशु मंदिर, औरंगाबाद* उपविजेता रहा।

वहीं *अंडर-17 बालक वर्ग खो-खो* में *पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, बसडीहा कला* विजेता तथा *सरस्वती शिशु मंदिर, औरंगाबाद* उपविजेता रहा।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के युवा खिलाड़ियों को *प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना, उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा खेलों के प्रति युवाओं की रुचि को बढ़ावा देना* है। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में भी विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
बिहार प्रशासन में बड़ा फेरबदल: CM के प्रधान सचिव पद से हटे IAS दीपक कुमार, अब आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बने।

बिहार प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है। रिटायर्ड IAS अधिकारी दीपक कुमार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद से हटा दिया गया है। अब उन्हें बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

दीपक कुमार 1984 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के तौर पर करीब साढ़े पांच साल तक काम किया। वे 20 मार्च 2021 को रिटायर हुए थे और ठीक अगले दिन 21 मार्च 2021 को उन्हें CM के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी।

*11 सितंबर से खाली था पद*
आपदा प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का पद 11 सितंबर से खाली था। इससे पहले उदय कांत मिश्रा इस पद पर थे। उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद यह कुर्सी रिक्त हो गई थी। अब सरकार ने इस पर दीपक कुमार की नियुक्ति की है।

*13 जिलों में रह चुके हैं DM*
दीपक कुमार का प्रशासनिक अनुभव करीब 4 दशक का रहा है। वे बिहार के 13 जिलों में DM रह चुके हैं, जिनमें बक्सर, नालंदा, हजारीबाग, मोतिहारी जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य, नगर विकास, सामान्य प्रशासन, कैबिनेट, पर्यटन, सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अहम विभागों में भी काम कर चुके हैं।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वे ESIC के महानिदेशक और NHAI के चेयरमैन भी रह चुके हैं।

बिहार में हर साल बाढ़, सूखा और अन्य आपदाओं से निपटने में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिका अहम होती है, ऐसे में लंबे अनुभव वाले अधिकारी को यह जिम्मेदारी दिया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
औरंगाबाद में ग्राम रक्षा दल के प्रशिक्षण पर रोक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने जारी किया आदेश।

औरंगाबाद जिले में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के प्रशिक्षण को लेकर जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने बड़ा आदेश जारी किया है।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। 

*पत्र में क्या है?*
पत्र में कहा गया है कि पंचायती राज संस्थाओं एवं ग्राम कचहरी के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों के प्रशिक्षण हेतु जिला पंचायत संसाधन केन्द्र संचालित है और विभाग से प्राप्त रोस्टर एवं निर्देश के आलोक में प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाती है।

वर्तमान में सूचना प्राप्त हो रही है कि कतिपय ग्राम पंचायतों में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।

इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना और इस पर होने वाले व्यय के वहन को लेकर विभाग से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।

*विभागीय दिशा-निर्देश के बाद ही प्रशिक्षण*
ऐसे में वर्णित परिस्थिति में सभी पंचायत सचिवों को निर्देश देने को कहा गया है कि वे ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को प्रशिक्षण कार्य के बारे में विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देश एवं कार्ययोजना के पश्चात ही कोई भी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।

यानी साफ है कि जब तक विभाग से स्पष्ट गाइडलाइन नहीं आ जाती, तब तक ग्राम रक्षा दल का प्रशिक्षण नहीं कराया जाएगा।
जदयू के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह 4 अक्टूबर को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ थामेंगे राजद का दामन, कार्यक्रम को लेकर गाँधी मैदान का किया निरीक्षण।

औरंगाबाद जिले के रफीगंज विधानसभा से दो बार के जदयू विधायक रहे अशोक कुमार सिंह अब राजद में शामिल होने जा रहे हैं।

 4 अक्टूबर को औरंगाबाद के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में वे सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

*गांधी मैदान का किया निरीक्षण*
कार्यक्रम को लेकर अशोक कुमार सिंह ने आज औरंगाबाद के गांधी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया और राजद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आयोजन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

*रफीगंज में सियासी समीकरण बदलेंगे*
अशोक सिंह रफीगंज के कद्दावर नेता माने जाते हैं और 2010 से 2020 तक दो बार विधायक रह चुके हैं। ऐसे में उनके राजद में शामिल होने से रफीगंज सहित पूरे औरंगाबाद जिले में सियासी समीकरण बदलने के कयास लगाए जा रहे हैं।

राजद में शामिल होने के कार्यक्रम को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है।
औरंगाबाद में देर रात युवक की पीट-पीटकर हत्या, ज्वेलर्स मालिक समेत 4 गिरफ्तार।

औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मछली मार्केट के समीप मंगलवार रात करीब 10 बजे 25 वर्षीय युवक विकास कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

मृतक कचहरी रोड निवासी जितेन्द्र गुप्ता का पुत्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल विकास को 'सोनी अलंकार ज्वेलर्स' के मालिक दिलीप सोनी के घर से अधमरी हालत में बरामद किया गया था। पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

*पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 गिरफ्तार*
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

*गिरफ्तार आरोपियों के नाम -*
1. इंजीनियर प्रिंस कुमार वर्मा (मालिक, रवि ज्वेलर्स, मदनपुर)
2. प्रदीप कुमार वर्मा 
3. निखिल कुमार वर्मा (मालिक, सोनी अलंकार ज्वेलर्स, मदनपुर)
4. दिलीप वर्मा

*SDPO ने बताया हत्या का कारण -*
घटना को लेकर सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार ने बताया कि मृतक विकास कुमार 1-2 दिन पहले भी देर रात आरोपियों के घर में घुस गया था। उस समय सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच कर उसे छोड़ दिया था।

लेकिन मंगलवार रात वह फिर से उनके घर में घुस गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
बाढ़ राहत को लेकर समाहरणालय में गमछा बिछाकर धरने पर बैठे भाजपा विधायक, 4 घंटे तक DM से मिलने का इंतजार करते रहे। बोले- सम्राट चौधरी के आने तक नहीं उठूंगा।

बिहार के पश्चिम चंपारण में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच लौरिया के भाजपा विधायक विनय बिहारी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त राहत नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विधायक बेतिया समाहरणालय परिसर में गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए। विधायक ने कहा, _जैसी आपदा है, वैसी व्यवस्था नहीं है।_

उनकी मांग है कि बाढ़ प्रभावितों को पॉलिथीन, राशन और जरूरी राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में दी जाए। कई इलाकों में लोग अब भी सुविधाओं से वंचित हैं।

धरने के दौरान शायराना अंदाज में बोले -
"दुख है, दर्द है, मैं आह भर रहा हूं, अपने राजा के आने का इंतजार कर रहा हूं। ऊपर श्रीहरि, नीचे सम्राट चौधरी।"

विधायक का कहना है कि वह करीब 4 घंटे तक DM समेत अधिकारियों से मिलने का इंतजार करते रहे, मुलाकात नहीं हुई तो धरना शुरू किया।

उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण करने नहीं आते, वह धरने से नहीं उठेंगे। "हेलीकॉप्टर गरजेगा, उसको देखेंगे और अपना गमछा उठाकर चले जाएंगे।"

सूचना पर बेतिया DDC काजले वैभव नितिन ने विधायक से बातचीत की, लेकिन विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे।
बिहार में अफसरशाही पर बीजेपी विधायक का हल्ला-बोल, गमछा बिछाकर धरने पर बैठे विनय बिहारी।

बिहार में सत्ता पक्ष के भीतर ही अफसरशाही के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। पश्चिम चंपारण की लौरिया-योगापट्टी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक विनय बिहारी आज बेतिया समाहरणालय परिसर में गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए।

विधायक का आरोप है कि बाढ़ राहत को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नहीं है और अफसरों की मनमानी चरम पर है। वे पिछले चार घंटे से जिलाधिकारी से मिलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन डीएम ने मिलने तक का समय नहीं दिया। मजबूर होकर उन्हें समाहरणालय में ही धरने पर बैठना पड़ा।

धरने पर बैठे विधायक विनय बिहारी ने कहा, _'जैसी आपदा है, वैसी व्यवस्था नहीं है। बाढ़ पीड़ितों को पॉलिथीन, राशन तक नहीं मिल रहा। कई इलाके अब भी राहत से वंचित हैं।'_

इसी दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में सरकार पर तंज भी कसा -
"दुख है, दर्द है, मैं आह भर रहा हूं, अपने राजा के आने का इंतजार कर रहा हूं। ऊपर श्रीहरि, नीचे सम्राट चौधरी।"

विनय बिहारी ने साफ ऐलान किया है कि जब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा नहीं करेंगे, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। 

"हेलीकॉप्टर गरजेगा, उसको देखेंगे और अपना गमछा उठाकर चले जाएंगे, लेकिन तब तक यहीं बैठा रहूंगा,"विधायक ने कहा।

धरने की सूचना मिलते ही बेतिया DDC काजले वैभव नितिन मौके पर पहुंचे और विधायक को मनाने की कोशिश की, लेकिन विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे।

इस घटना के बाद बिहार की सियासत में चर्चा तेज है कि एनडीए सरकार में सब कुछ ठीक नहीं है और अंदरूनी विरोध अब खुलकर सामने आ रहा है।