बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा- स्टेशन पर कैंडिडेट्स ने तोड़फोड़-पथराव किया,ट्रेनें रोकीं, पुलिस ने हवाई फायर किए; व्यवस्थाएं न होने से छात्रों का हंगामा
छात्रों ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हवाई फायर करना पड़ा। छात्रों ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हवाई फायर करना पड़ा। बिहार में आज से सिपाही भर्ती परीक्षा हो रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर कैंडिडेट्स ने ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था न होने से नाराज होकर रेलवे ट्रैक पर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया। पथराव किया और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की।
मौके पर पहुंचे पटना के DM डॉ. त्यागराजन ने बताया कि आधी रात के करीब हमें खबर मिली कि कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। हमने उनसे गुजारिश की कि वे हंगामा न करें और उन परीक्षार्थियों का सहयोग करें जो परीक्षा देना चाहते हैं।
कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और तरह-तरह की मांगें रखीं, जैसे कि स्पेशल ट्रेनों की मांग, जबकि पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं।
त्यागराजन ने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोका, जो जाना चाहते थे। इन वजहों से हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं। परीक्षा देने वालों के लिए तय ट्रेनें पहले ही निकल चुकी हैं। बाकी ट्रेनें भी सामान्य रूप से चल रही हैं।