🚨उत्तराखंड के लिए बड़ा दिन! 80 साल पुरानी किशाऊ परियोजना पर ऐतिहासिक MoU
नई दिल्ली: करीब आठ दशकों से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को अब निर्णायक गति मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में हुई बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के बीच परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे किशाऊ परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि परियोजना की परिकल्पना वर्ष 1940 में की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकी।
422 मेगावाट बिजली और 1562 MCM का जलाशय
किशाऊ परियोजना को जल सुरक्षा, सिंचाई, पेयजल, ऊर्जा उत्पादन और यमुना के पुनर्जीवीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय परियोजना बताया गया है। इसके तहत करीब 1562 MCM क्षमता का जलाशय और 422 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता विकसित की जाएगी।
परियोजना से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रभावित परिवारों का पुनर्वास प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि परियोजना से प्रभावित परिवारों का उचित और सम्मानजनक पुनर्वास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रभावित परिवारों के हितों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
2500 हेक्टेयर वन भूमि की जरूरत
परियोजना के लिए करीब 2500 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण की आवश्यकता होगी। इसके चलते क्षतिपूरक वनीकरण के लिए बड़ी मात्रा में भूमि उपलब्ध कराना उत्तराखंड के सामने एक बड़ी चुनौती होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और सहभागी राज्यों से क्षतिपूरक वनीकरण के लिए आवश्यक भूमि चिन्हित करने में उत्तराखंड को सहयोग देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखते हुए सभी पर्यावरणीय एवं वन संबंधी नियमों का पालन करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और सभी सहभागी राज्यों के समन्वित प्रयासों से किशाऊ परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से अपर यमुना बेसिन में जल उपलब्धता, सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
#KishauProject #Uttarakhand #UttarakhandNews #PushkarSinghDhami #KishauDam #newsmafiya
Dehradun, Dehradun | Sep 15, 2026