पुलिस पेंशनरों के सम्मान एवं कल्याण को समर्पित 20वाँ वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
उ0प्र0 पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान का 20वाँ वार्षिक अधिवेशन आज पुलिस दूरसंचार मुख्यालय, लखनऊ में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में संस्थान के अध्यक्ष श्री सुलखान सिंह, महासचिव श्री आर.के. चतुर्वेदी, प्रदेश के विभिन्न परिक्षेत्रों एवं जनपदों से आए प्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर वर्ष 2023 से 2025 के मध्य दिवंगत हुए 296 पुलिस पेंशनरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया गया।
अधिवेशन के दौरान संस्थान की वार्षिक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार अभियान तथा पुलिस पेंशनरों के कल्याण एवं हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संस्थान की इकाइयों के गठन एवं उनके सक्रिय संचालन की प्रगति साझा की गई। सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कमिश्नरेट प्रयागराज को प्रथम एवं कमिश्नरेट आगरा को द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, डॉ. संजीव कुमार गुप्ता की देखरेख में संस्थान के राज्यस्तरीय पदाधिकारियों का निर्वाचन भी सम्पन्न हुआ, जिसमें श्री ए.के. जैन, पुलिस महानिदेशक (सेवानिवृत्त) को संस्थान का अध्यक्ष, श्री अनिल कुमार मिश्रा सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक को उपाध्यक्ष, श्री आर.के. चतुर्वेदी सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक को महासचिव, श्री श्यामपाल सिंह सेवानिवृत्त पीपीएस को सचिव प्रथम, श्री महेन्द्र त्रिपाठी सेवानिवृत्त पीपीएस को सचिव द्वितीय एवं श्री आर.एल. निरंजन सेवानिवृत्त पीपीएस को कोषाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित किया गया।
डॉ. गुप्ता ने पुलिस पेंशनरों के सम्मान, कल्याण एवं उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के प्रति पुलिस मुख्यालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।
#UPPolice #PolicePensioners #PoliceWelfare
2.3k views | Uttar Pradesh, India | Jun 24, 2026