चंदला की गल्ला दुकान में निकला विशालकाय अजगर, इलाके में मचा हड़कंप
चंदला। कस्बे के द्रोमढ़ धर्मशाला के सामने स्थित एक गल्ला दुकान में गुरुवार सुबह करीब छह बजे विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। गेहूं के बोरे निकाल रहे पल्लेदारों की नजर अचानक बोरों के पास छिपे अजगर पर पड़ी, जिसे देखकर वे घबराकर पीछे हट गए।
सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी श्याम प्रसाद संसिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अजगर दुकान के अंदर गेहूं के बोरों की छल्ली में छिप गया। काफी तलाश के बावजूद वह दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। अजगर के दुकान में ही छिपे होने से दुकानदार और आसपास के लोगों में दहशत बनी हुई है।