- परिवार नियोजन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए FDS प्लान तैयार कर लक्ष्य निर्धारित करें: जिलाधिकारी
- जिला स्तरीय परिवार नियोजन समन्वय एवं मासिक स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित
मोतिहारी, 22 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में सदर अस्पताल, मोतिहारी स्थित आरोग्य भवन सह पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जिला स्तरीय परिवार नियोजन समन्वय बैठक एवं स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों के लिए आगामी तीन माह का माइक्रो प्लान तैयार कर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।
परिवार नियोजन ऑपरेशन सेवा शुरू करने का निर्देश
बैठक के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपाधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नामित सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षित चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन ऑपरेशन सेवा शीघ्र शुरू कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निश्चित दिवस (Fix Day) पर परिवार नियोजन ऑपरेशन सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि इच्छुक लाभार्थियों को सेवा प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने परिवार नियोजन के नए गर्भनिरोधक साधन इम्प्लांट के प्रति लाभार्थियों को जागरूक एवं प्रेरित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इच्छुक लाभार्थियों को आवश्यक परामर्श एवं स्क्रीनिंग के बाद सदर अस्पताल, मोतिहारी में इम्प्लांट सेवा के लिए भेजा जाए, जिससे अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों को यह सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख सूचकांकों की समीक्षा
बैठक में ओपीडी, आईपीडी, एएनसी, संस्थागत प्रसव, मातृत्व स्वास्थ्य, परिवार नियोजन एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं उपाधीक्षकों को निर्देश दिया कि प्राप्त ELA के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सिविल सर्जन ने पिपराकोठी एवं तेतरिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इसी माह से संस्थागत प्रसव की सेवा अनिवार्य रूप से शुरू कराई जाए।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा, सेवा उपलब्धता में सुधार, परिवार नियोजन सेवाओं के विस्तार तथा स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में राजकृष्णा झा (IAS), सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय, एसीएमओ डॉ. एस. एन. सत्यार्थी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ठाकुर विश्वमोहन, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, PSI India के जिला प्रबंधक अमित कुमार सहित सदर अस्पताल के वरीय चिकित्सा पदाधिकारी, एसडीएच के उपाधीक्षक, पीएचसी/सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं सहयोगी कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department
11 views | East Champaran, Bihar | Sep 22, 2026