निजी विद्यालयों की मनमानी के खिलाफ अभिभावक संघ का प्रदर्शन
फतेहपुर। जिले में निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली, फीस वसूली, छात्र सुरक्षा और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर जिला अभिभावक संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संघ ने आरोप लगाया है कि पूर्व में शिक्षा विभाग को कई बार शिकायतें और मांग पत्र देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
जिला अभिभावक संघ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार 'डब्लू' ने कहा कि फतेहपुर आर्थिक रूप से कृषि प्रधान जिला है, जहां अधिकांश परिवार सीमित आय पर निर्भर हैं। इसके बावजूद कई निजी विद्यालयों द्वारा ड्रेस परिवर्तन, वार्षिक शुल्क, परीक्षा शुल्क, गतिविधि शुल्क तथा अन्य मदों के नाम पर अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उनका कहना है कि इससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
ज्ञापन में शहर के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरम में छात्र तेजस की मौत के मामले का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। अभिभावक संघ का कहना है कि जांच के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके अलावा ओम सरस्वती ज्ञान मंदिर, पक्का तालाब से संबंधित एक छात्रा की टीसी (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) में कथित त्रुटियों का भी मुद्दा उठाया गया। आरोप है कि टीसी में गलत विवरण दर्ज होने के बावजूद उसमें सुधार नहीं किया गया और छात्रा पर उसी विद्यालय में पढ़ाई जारी रखने का दबाव बनाया गया। अभिभावक संघ ने इस प्रकरण की भी जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि आरटीई (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) के तहत चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों से डायरी, आईडी कार्ड, परीक्षा शुल्क, वार्षिक उत्सव और अन्य मदों के नाम पर धनराशि ली जा रही है। संघ का दावा है कि शुल्क जमा न करने पर बच्चों को परीक्षा में बैठने से रोकने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। अभिभावकों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
Kanpur, Kanpur Nagar | Sep 11, 2026