दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने बलिहार उच्च माध्यमिक विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर दी चेतावनी
रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड अंतर्गत बलिहार गांव स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय का दिनारा विधायक सह बिहार सरकार के उप मंत्री आलोक कुमार सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर पढ़ाई, विद्यालय की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही, संबंधित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिनारा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे का उज्ज्वल भविष्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालयों की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय में अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, शिक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
आलोक कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में यदि कोई समस्या है, तो उसे छिपाने के बजाय सामने लाया जाए, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य ही दिनारा का भविष्य है और उनकी शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। Alok Singh Pawan Singh