सिहोनिया में युवक को गोली मारने का मामला, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर,
मुरैना। सिहोनिया थाना क्षेत्र के सिहोनिया गांव में 30 वर्षीय सीताराम नामक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल युवक के अनुसार वह सुबह करीब 4 बजे अपने कुएं पर जा रहा था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने पहले उसके साथ कहासुनी की, जिसके बाद एक आरोपी ने उस पर गोली चला दी।
गोली लगते ही सीताराम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना लेकर आए।
जिला अस्पताल में घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में कुछ लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया। युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मुरैना से ग्वालियर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।