दोस्ती के नाम पर ऐसा खौफनाक मजाक... जिसकी कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। दोस्त ने रसगुल्ला बताकर ऐसा बम खिलाया कि युवक के मुंह में ही जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव का है। यहां 10 नवंबर की रात राजेंद्र बरौतिया अपने परिवार के साथ घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान उनका परिचित रामभगत सिंह बरौतिया वहां पहुंचा।
आरोप है कि रामभगत ने राजेंद्र को सुअर मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला देसी बम दिया और उसे रसगुल्ला बताते हुए खाने के लिए कहा। अंधेरे के कारण राजेंद्र बम को पहचान नहीं पाए और उसे मुंह में रखकर चबा लिया।
इसके बाद जो हुआ, उसने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बम मुंह में ही फट गया और राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रामभगत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यह देसी बम धर्मु नाम के व्यक्ति ने दिया था। अब पुलिस इस मामले में बम के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल एक कथित मजाक ने एक परिवार से उसका अपना छीन लिया। सवाल यह है कि आखिर किसी की जान से खिलवाड़ करने वाले इस खतरनाक मजाक की कीमत कौन चुकाएगा?
दोस्त ने रसगुल्ला बताकर खिलाया 'बम'... और एक पल में बुझ गई जिंदगी।
#DindoriNews #MadhyaPradeshNews #ShockingNews #CrimeNews #BreakingNews #DindoriCrime #RasgullaBomb #FriendshipCrime #MPPolice #ViralNews