🚨 उन्नाव में जीएसटी अधिकारी की संदिग्ध मौत, परिवार में मचा कोहराम
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में किराये के कमरे में रहने वाले 35 वर्षीय जीएसटी अधिकारी की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र के तिलकपुर सरमेड़ी गांव निवासी सियाराम सिंह ने बताया कि उनके बेटे राघवेंद्र प्रताप सिंह (35) वर्ष 2018 में जीएसटी विभाग में चयनित हुए थे और वर्तमान में विभागीय कार्यों के सिलसिले में लखनऊ के विभूतिखंड कार्यालय भी आते-जाते थे। वह उन्नाव के रामपुरी मोहल्ले में किराये पर रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह पिता ने बेटे से फोन पर बात कर स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज को लेकर चर्चा की थी। राघवेंद्र ने 17 से 20 जून तक लखनऊ में रहकर किसी अच्छे अस्पताल में परामर्श लेने की बात कही थी।
इसी बीच गुरुवार शाम करीब पांच बजे राघवेंद्र की एक परिचित युवती ने परिवार को फोन कर बताया कि उसकी राघवेंद्र से बातचीत के दौरान कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने राघवेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जवाब नहीं मिला। सूचना मिलने पर परिजनों ने उन्नाव में परिचितों और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया। तब तक राघवेंद्र की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि राघवेंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके विवाह को लेकर भी परिवार में बातचीत चल रही थी।
मृतक के पिता सियाराम सिंह हाल ही में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। घटना के बाद मां संगीता समेत परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौके पर कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
📌 पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
#Unnao #BreakingNews #GSTOfficer #UnnaoNews #Police
Unnao, Unnao | Jun 12, 2026