सेवा संकल्प अभियान 2026
‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के रंग
अभियान अंतर्गत शासकीय अग्रणी महाविद्यालय में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
---
मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन अग्रणी शासकीय कन्या पी.जी. कॉलेज, छतरपुर द्वारा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का भारत’ रखा गया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रभारी प्राचार्य डॉ. पी.के. दीक्षित ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतिभागियों ने अपने चित्रों में विकसित, आत्मनिर्भर, शिक्षित एवं सशक्त भारत की परिकल्पना को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने सपनों और विचारों को रचनात्मक रूप दिया।
नोडल अधिकारी डॉ. बी.के. प्रजापति ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर के महाविद्यालयों से विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अविरल वर्मा (अवंतीबाई कॉलेज), द्वितीय स्थान अनुष्का अहिरवार (लवकुशनगर लॉ कॉलेज) तथा तृतीय स्थान यशपाल लोधी (अवंतीबाई कॉलेज) ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सौरभ रहे। आयोजन में डॉ. प्रज्ञा तिवारी, डॉ. कनुप्रिया चौबे सहित निर्णायक मंडल में डॉ. ख्याति अग्रवाल, डॉ. यज्ञेश कुमार एवं डॉ. अंकित कुमार मिश्रा का सहयोग रहा।
#chhatarpur
62 views | Chhatarpur, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026