सिविल जज-एडीपीओ परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिला न्यायिक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
लोक सेवा गुरुकुल में सेमीनार आयोजित, परीक्षा रणनीति, विधिक अवधारणाओं और जजमेंट राइटिंग के बताए गुर
---
जिला प्रशासन द्वारा सेंट्रल लाइब्रेरी (ई-ग्रंथालय) में संचालित लोक सेवा गुरुकुल कोचिंग संस्थान में सिविल जज एवं एडीपीओ परीक्षा की तैयारी कर रहे विधि विद्यार्थियों के लिए विशेष सेमीनार का आयोजन किया गया। सेमीनार में जिला न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीशों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, विधिक विषयों की समझ और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया गया।
सेमीनार की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया ने की। अतिथियों का स्वागत लोक सेवा गुरुकुल के कोर्स डायरेक्टर डॉ. पी.पी. शुक्ला (सहायक प्राध्यापक) द्वारा किया गया।
सिविल जज परीक्षा की तैयारी और जजमेंट राइटिंग पर मार्गदर्शन
सेमीनार में सिविल जज श्री सुशील गहलोत ने विद्यार्थियों को सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण करने की प्रभावी रणनीति के बारे में बताया। उन्होंने विधिक पहलुओं के महत्व को समझाते हुए संवैधानिक, आपराधिक एवं सिविल विधियों के बीच अंतर स्पष्ट किया। साथ ही जजमेंट राइटिंग एवं निबंध लेखन में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए उपयोगी सुझाव दिए तथा परीक्षा में विषय की स्पष्ट समझ और उत्तर लेखन की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपकृत्य विधि और क्षतिपूर्ति के मापदंड समझाए
डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार एवं सिविल जज श्री राहुल जैन ने अपकृत्य विधि तथा क्षतिपूर्ति निर्धारण के विभिन्न मापदंडों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने सिविल एवं दाण्डिक न्यायालयों के कार्यक्षेत्र एवं प्रक्रियाओं के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों की विधिक समझ को मजबूत किया। साथ ही विधि की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए न्यायिक सेवा के अलावा विधि के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
सफलता के लिए 3-C का मूलमंत्र अपनाएं
जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया ने अपने उद्बोधन में संविदा विधि एवं संवैधानिक विधि की बारीकियों को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए जीवन में 3-C—Control, Command और Consistency के मूलमंत्र को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, आत्म-अनुशासन और विषय पर निरंतर पकड़ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
भविष्य में भी जारी रहेंगे मार्गदर्शन सेमीनार
कार्यक्रम के अंत में लोक सेवा गुरुकुल के कोर्स डायरेक्टर डॉ. पी.पी. शुक्ला ने अतिथि न्यायाधीशों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को सिविल जज एवं एडीपीओ परीक्षाओं की तैयारी में बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सेमीनार एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सोमवार से शनिवार तक कक्षाएं हो रहीं आयोजित
प्रशासनिक अधिकारी दे रहे मार्गदर्शन
विदित है कि सेंट्रल लाइब्रेरी में संचालित लोक सेवा गुरुकुल कोचिंग संस्थान में UPSC, MPPSC, SSC एवं ESB सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सोमवार से शनिवार तक शाम 4 से 7 बजे तक नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं। कक्षाओं में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जाता है। विभिन्न पाठ्यक्रमों में पंजीयन के लिए कोर्स डायरेक्टर डॉ. पी.पी. शुक्ला (सहायक प्राध्यापक) से मोबाइल नंबर 9893659908 पर संपर्क किया जा सकता है तथा उपलब्ध QR कोड के माध्यम से भी पंजीयन किया जा सकता है।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#chhatarpur
21 views | Chhatarpur, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026