दि सहारनपुर वॉइस/न्यूज़ 7
सच्चाई के साथ हरदम
👉🏾👉🏾 बेहट में 6 वर्षीय मासूम से कथित दुष्कर्म प्रयास का आरोप, पीड़िता ने पुलिस पर हल्की धाराओं में केस दर्ज करने का लगाया आरोप!!
👉🏾👉🏾 एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला की आंखों से छलका दर्द, निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की लगाई गुहार!!
सहारनपुर/बेहट। कस्बा बेहट निवासी एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर अपनी छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर गलत हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस पर मामले में अपेक्षाकृत हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि मोहल्ले के ही एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उसकी छह वर्षीय मासूम बच्ची को छत पर ले जाकर उसके साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के मुताबिक बच्ची के बयान भी विभिन्न स्तरों पर दर्ज किए गए, लेकिन इसके बावजूद उसकी शिकायत के अनुरूप गंभीर धाराओं में कार्रवाई नहीं की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले करीब छह वर्षों से उसे मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। उसका कहना है कि जब भी वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस या प्रशासन के पास पहुंचती है, तो कुछ लोग उससे पहले वहां पहुंचकर उसके चरित्र पर सवाल उठाने और उसकी शिकायत को दबाने का प्रयास करते हैं।
एसएसपी कार्यालय में अपनी पीड़ा बताते हुए महिला भावुक हो गई। उसने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता या पति का सहारा नहीं है और वह मेहनत-मजदूरी कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
महिला के अनुसार, एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब पुलिस की जांच और मेडिकल/बयानों समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।
न्यूज़ 7 विशेष नोट: मामले में लगाए गए आरोप महिला के कथन पर आधारित हैं। आरोपी की ओर से पक्ष अथवा मामले में अंतिम न्यायिक निष्कर्ष की जानकारी उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। नाबालिग की पहचान गोपनीय रखी गई है।