दि सहारनपुर वॉइस/न्यूज़ 7
सच्चाई के साथ हरदम
👉🏾👉🏾 प्रतिबंधित आम के हरे पेड़ों की कटाई पर बिहारीगढ़ पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार
👉🏾👉🏾 पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी हरी आम की लकड़ी बरामद, वृक्ष संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
बिहारीगढ़/सहारनपुर। प्रतिबंधित आम के हरे पेड़ों की कटाई के खिलाफ बिहारीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आम की हरी लकड़ी से भरी एक पिकअप और बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। कार्रवाई के बाद अवैध रूप से हरे पेड़ों का कटान करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेस्ट एरिया मनोहरपुर के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आम के पेड़ों की कटाई से संबंधित चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजम्मिल पुत्र आबिद निवासी ताल्हापुर, दीपक पुत्र नाथीराम, प्रियांशु पुत्र अनिल निवासी कालूवाला पहाड़ीपुर उर्फ जहानपुर तथा गुलशेर पुत्र रशीद निवासी ताल्हापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित आम के पेड़ की हरी लकड़ी, पिकअप संख्या HR45B-4164 तथा बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। बरामदगी के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में मु0अ0सं0 164/26, धारा 4/10 उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक संजीव यादव, उपनिरीक्षक विजय सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
कटान में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की संभावना
बिहारीगढ़ क्षेत्र में प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटाई को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यह भी जांच का विषय है कि बरामद की गई हरी लकड़ी कहां ले जाई जा रही थी और कटान के इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
#Saharanpur #Biharigarh #SaharanpurPolice #GreenTreeCutting #MangoTree #TreeProtectionAct #PoliceAction #News7 #दि_सहारनपुर_वॉइस