बिरसा चौक के पास हथियार के साथ तीन गिरफ्तार, देशी पिस्टल-कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
रांची। जगरनाथपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल इन्द्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के पास से हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे सूचना मिली थी कि बाइक सवार तीन व्यक्ति हथियार लेकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर लाल-काले रंग की पल्सर 220 बाइक पर सवार तीनों युवकों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, खाली मैगजीन और दो जिंदा गोलियां बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस और रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम रहा है। मामले में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या 281/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Namkum, Ranchi | Sep 20, 2026